स्वच्छ भारत मिशन में उत्कृष्ट कार्यों के लिए मप्र को मिलेंगे कई पुरस्कार



-मध्यप्रदेश के लिये यह अत्यंत प्रसन्नता और गौरव का क्षण : मुख्यमंत्री चौहान

- स्वच्छ भारत दिवस 2 अक्टूबर को दिल्ली में राष्ट्रपति प्रदान करेंगी पुरस्कार

भोपाल, 22 सितंबर (हि.स.)। स्वच्छ भारत मिशन में उत्कृष्ट कार्यों के लिए मध्य प्रदेश राज्य को कई पुरस्कारों के लिये चुना गया है। यह पुरस्कार राष्ट्रपति आगामी 2 अक्टूबर को विज्ञान भवन दिल्ली में होने वाले स्वच्छ भारत दिवस पर प्रदान करेंगी। मध्य प्रदेश स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2022 में वेस्ट जोन में टॉप स्टेट बना है। इस उपलब्धि को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश के लिए अत्यंत प्रसन्नता एवं गौरव का क्षण बताया है। उन्होंने इस सफलता के लिये सभी नागरिकों, संगठनों, सामाजिक संस्थाओं का आभार प्रकट कर बधाई दी है।

जनसम्पर्क अधिकारी पंकज मित्तल ने गुरुवार को बताया कि स्वच्छ भारत मिशन में स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण वर्ष 2022 में वेस्ट जोन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्यों में मध्य प्रदेश को प्रथम स्थान, उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिलों में भोपाल को प्रथम एवं इंदौर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। इसी प्रकार सुजलाम अभियान-1 में श्रेष्ठ कार्य के लिए मध्यप्रदेश को प्रथम एवं सुजलाम अभियान-2 में मध्यप्रदेश को चतुर्थ पुरस्कार प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन संचालक विकास शील ने मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को मध्यप्रदेश में इस उत्कृष्ट एवं उदाहरणीय कार्य के लिये पत्र लिख कर बधाई दी है।

राज्य को मिले पुरस्कार पर मुख्यमंत्री चौहान ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान के महायज्ञ में ग्रामीण भारत के निवासी अपना बढ़-चढ़कर योगदान दे रहे हैं। स्वच्छता ही सुन्दरता है। हम सभी के सम्मिलित प्रयासों से स्वच्छ, सुन्दर और प्रदूषण रहित राष्ट्र बनेगा। प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को लेकर जागरुकता ही नहीं समर्पण भाव भी दृढ़ हुआ है। गांवों की नई तस्वीर उभरी है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश / डा. मयंक

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story