गणेश चतुर्थी पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और रक्षा मंत्री ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now
गणेश चतुर्थी पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और रक्षा मंत्री ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं


नई दिल्ली, 14 सितंबर (हि.स.)। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और कई केंद्रीय मंत्रियों ने देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने भगवान गणेश से देश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर देश-विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश बुद्धि, विवेक, समृद्धि और शुभारंभ के प्रतीक हैं। उन्हाेंने कहा कि गणेश चतुर्थी का पर्व जीवन में ऊर्जा, ज्ञान और सकारात्मकता का संचार करता है तथा नए संकल्पों के साथ प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भगवान गणेश से सभी के जीवन में सुख-शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और ज्ञान का प्रतीक बताते हुए कहा कि वे सभी को शांति, समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद दें। उन्होंने लोगों से विश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ हर बाधा को पार करने की प्रेरणा लेने की अपील की।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भगवान गणेश सभी के जीवन से विघ्न-बाधाएं दूर करें और सुख, शांति, समृद्धि तथा आरोग्य प्रदान करें। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश का आशीर्वाद राष्ट्र की प्रगति और जनकल्याण के संकल्प को नई ऊर्जा दे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भगवान गणेश ज्ञान, विवेक, समृद्धि और शुभारंभ के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व भारतीयों को अपनी सनातन संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने के साथ समाज में एकता, सद्भाव और सहयोग की भावना मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कामना की कि गणपति बप्पा की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और मंगल का वास हो।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भगवान गणेश से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना करते हुए “गणपति बप्पा मोरया” का जयघोष किया।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि ‘वक्रतुण्ड महाकाय सूर्यकोटि समप्रभ। निर्विघ्नं कुरु मे देव सर्वकार्येषु सर्वदा॥' भगवान गणेश से सभी के जीवन में खुशियां, समृद्धि, शांति और सफलता लाने तथा सभी बाधाओं को दूर करने की प्रार्थना की।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी भगवान गणेश से देशवासियों के जीवन में खुशियां, शांति, सौभाग्य और समृद्धि का संचार करने की कामना की।

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विघ्नहर्ता श्री गणेश की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और सफलता आए।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story