गांधी परिवार ने हमेशा देशहित से समझौता किया: पीयूष गोयल
नई दिल्ली, 25 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता पीयूष गोयल ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने हमेशा देशहित से समझौता किया और इसकी शुरुआत देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से हुई थी।
भाजपा मुख्यालय में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में गोयल ने कहा कि गांधी परिवार समझौतावादी राजनीतिक परिवार रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास और वर्तमान दोनों इस बात के उदाहरण हैं कि किस प्रकार यह परिवार राष्ट्रहित से समझौता करता रहा है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए गोयल ने उन्हें नकारात्मक राजनीति का पोस्टर बॉय बताया। गोयल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के प्रभाव में देशहित के विरुद्ध बयान देते हैं और भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने का काम करते हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का देश विरोधी ताकतों के साथ संबंध है। किस प्रकार से वो बॉर्डर सेंसेटिव एरिया लद्दाख में जाकर साकिर मिराली जैसे विदेशी लोग, जो भारत के हितों के खिलाफ काम करते हैं, उनके साथ संबंध रखते हैं। आज पूरा देश जानता है कि राहुल गांधी किस प्रकार से ओछी राजनीति कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के कार्यकाल में भी ऐसे कई फैसले लिए गए, जिन्हें वे देशहित के प्रतिकूल बताते हैं। गोयल ने 1971 के शिमला एग्रीमेंट का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय 93 हजार पाकिस्तानी युद्धबंदियों को रिहा किया गया लेकिन पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर वापस नहीं लिया गया।
उन्होंने बोफोर्स मामले का जिक्र करते हुए कहा कि उस प्रकरण में निष्पक्ष जांच नहीं होने दी गई। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि नेहरू काल में चीन और तिब्बत से जुड़े मुद्दों पर भी देशहित से समझौता किया गया।
गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उभरते नए भारत को देखकर कांग्रेस नेतृत्व असहज है और इसी कारण वह लगातार नकारात्मक राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता सब देख रही है और समय-समय पर अपना निर्णय देती रही है।
------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

