गडकरी ने की ओडिशा में 5,390 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा, गुणवत्ता पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
गडकरी ने की ओडिशा में 5,390 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा, गुणवत्ता पर जोर


नई दिल्ली, 28 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ओडिशा में 5,390 किलोमीटर लंबाई के 124 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता और रखरखाव प्रगति की व्यापक समीक्षा की। मीडिया और सोशल मीडिया से प्राप्त फीडबैक के आधार पर यह समीक्षा की गई।

बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा और हर्ष मल्होत्रा के साथ भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और परियोजना से जुड़े ठेकेदारों के अधिकारी मौजूद रहे।

समीक्षा के दौरान गडकरी ने महत्वपूर्ण खंडों पर लक्षित हस्तक्षेप, परियोजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन और गुणवत्ता मानकों के सख्त पालन पर जोर दिया, ताकि परिसंपत्तियों का दीर्घकालिक प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को मानसून से पहले अग्रिम तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए जल निकासी प्रबंधन, ढलान सुरक्षा और प्रभावी प्रतिक्रिया तंत्र पर विशेष ध्यान देने को कहा, जिससे सड़क सुरक्षा बनी रहे और यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story