जी-20 में एंटी करप्शन वर्किंग ग्रुप बैठक में महिलाओं ने भ्रष्टाचार पर आवाज बुलंद की

WhatsApp Channel Join Now
जी-20 में एंटी करप्शन वर्किंग ग्रुप बैठक में महिलाओं ने भ्रष्टाचार पर आवाज बुलंद की


जी-20 में एंटी करप्शन वर्किंग ग्रुप बैठक में महिलाओं ने भ्रष्टाचार पर आवाज बुलंद की


एक अच्छी सरकार की परिभाषा अंतिम व्यक्ति तथा महिला कल्याण के कार्यों से निर्धारित होती हैः मीनाक्षी लेखी

ऋषिकेश, 25 मई (हि.स.)। केंद्रीय विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि एक अच्छी सरकार की परिभाषा उसके द्वारा अंतिम व्यक्ति तथा महिलाओं के लिए कल्याण के कार्यों से निर्धारित होती है।

नरेन्द्र नगर में दूसरी जी-20 एंटी करप्शन वर्किंग ग्रुप बैठक में एक चर्चा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मीनाक्षी लेखी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार जनधन खाते, मुद्रा योजना, आयुष्मान भारत, डीबीटी जैसी योजनाओं के माध्यम से भ्रष्टाचार को समाप्त करने के साथ ही महिला सशक्तिकरण के प्रयास कर रही है क्योंकि देश में होने वाले भ्रष्टाचार से सबसे अधिक महिलाएं ही प्रभावित होती हैं।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाए जाने के लिए आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें निःशुल्क सार्वजनिक सेवाएं, स्वास्थ्य, शिक्षा, वित्तीय सहयोग तथा बच्चों की देखभाल के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

एक अफ्रीकी प्रतिनिधि ने कहा कि भ्रष्टाचार का महिलाओं पर यौन प्रताड़ना के रूप में भी असर पड़ता है। ऐसे में महिलाओं को आर्थिक तथा सामाजिक रूप से सशक्त और स्वावलंबी बनाए जाने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में वूमेन इनिशिएटिव की सोनिका कनौजिया ने कहा कि देशभर में नए उद्यम स्थापित करने तथा स्वरोजगार के प्रयासों में महिलाओं को विभिन्न तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है लेकिन सूचना प्रौद्योगिकी के बढ़ते प्रयोग तथा ऑनलाइन बाजार के उपलब्ध होने से महिलाओं की राह काफी आसान हुई है।

कार्यक्रम में टिहरी जनपद के नरेंद्र नगर की रहने वाली खुशहाल स्वयं सहायता समूह की संचालिका रजनी रावत ने उत्तराखंड में स्वयं सहायता समूहों की सफलता की विस्तृत रूप से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं स्वयं सहायता समूह के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त होने के साथ स्वावलंबी भी बन रही हैं।

इंडोनेशिया की प्रतिनिधि माल्या ने कहा कि समाज को भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूक करने की जरूरत है। इस दिशा में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की हर क्षेत्र में भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार द्वारा भ्रष्टाचार को नियंत्रित करने के लिए किए गए विभिन्न प्रयासों तथा महिला सशक्तिकरण पर लघु फिल्में भी दिखाई गईं।

हिन्दुस्थान समाचार/विक्रम/प्रभात/आकाश

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story