केटरिंग स्टाफ के शौचालय में खाने के बर्तन धोने के मामले पर एफएसएसएआई ने भेजा आईआरसीटीसी को नोटिस

WhatsApp Channel Join Now
केटरिंग स्टाफ के शौचालय में खाने के बर्तन धोने के मामले पर एफएसएसएआई ने भेजा आईआरसीटीसी को नोटिस


नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। एलटीटी–एर्नाकुलम दुरंतो एक्सप्रेस में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के कथित उल्लंघन के मामले में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) को वैधानिक नोटिस जारी किया है।

यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद की गई, जिसमें कथित तौर पर कैटरिंग स्टाफ को ट्रेन के शौचालय क्षेत्र में बर्तन धोते हुए देखा गया था। इस वीडियो सामने आने के बाद यात्रियों और आम लोगों में रेलवे खानपान सेवाओं की स्वच्छता को लेकर गंभीर चिंताएं उठने लगीं हैं।

एफएसएसएआई ने शनिवार को मामले को गंभीरता से लेते हुए आईआरसीटीसी से तत्काल स्पष्टीकरण मांगा है और विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का स्पष्ट उल्लंघन है, जिससे यात्रियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

एफएसएसएआई ने एक्स पर जारी अपने एक बयान में कहा कि ट्रेन संख्या 12223 में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के गंभीर उल्लंघन के संबंध में आईआरसीटीसी को 28 मई को एक वैधानिक नोटिस जारी किया है और इस मामले पर तत्काल एक विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

वहीं, आईआरसीटीसी ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story