कश्मीर के ऊंचे इलाकों में हुई ताजा बर्फबारी, कई क्षेत्र बर्फ की चादर से ढके

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बुधवार सुबह कश्मीर के ऊंचे इलाकों में हुई ताजा बर्फबारी से कई क्षेत्र बर्फ की चादर से ढक गए। मैदानी इलाकों में रात भर बारिश होने के बाद मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में बारिश का पूर्वानुमान लगाया है।

अधिकारियों ने बताया कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ऊंचे इलाकों के कई क्षेत्रों में रात भर हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई। कश्मीर के ऊंचे इलाकों के कई क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई और कई अन्य स्थानों पर दूसरे दिन भी बर्फबारी जारी रही। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में पहलगाम पर्यटन स्थल और उसके आसपास के इलाकों में रात भर बर्फबारी हुई। गुलमर्ग और सोनमर्ग के पर्यटन स्थलों के साथ-साथ उत्तरी कश्मीर के गुरेज में जोजिला एक्सिस, राजदान टॉप और तुलैल में रुक-रुक कर हिमपात जारी रहा। श्रीनगर सहित घाटी के मैदानी इलाकों में रात भर बारिश हुई लेकिन सुबह बादल छंट गए और धूप निकल आई।

मौसम विभाग ने कहा कि गुरुवार तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। साथ ही गरज, तेज हवाएं और छिटपुट स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। 16 अक्टूबर को छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश के साथ मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। इसके बाद 24 अक्टूबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760503 Articles

Share this story