बीकाजी ग्रुप के संस्थापक फन्ना बाबू का निधन

WhatsApp Channel Join Now
बीकाजी ग्रुप के संस्थापक फन्ना बाबू का निधन


बीकानेर, 23 अप्रैल (हि.स.)। दुनिया के पटल पर बीकानेरी भुजिया को नई पहचान दिलाने वाले बीकाजी ग्रुप के संस्थापक शिवरतन अग्रवाल 'फन्ना बाबू' का गुरुवार को चेन्नई में निधन हो गया। वे वहां अपनी पत्नी के हृदय का ऑपरेशन कराने के सिलसिले में चेन्नई गए हुए थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित अनेक ने शोक जताया है।

पांच दशक से भी अधिक समय से उनके साथ रहे जैन महासभा के अध्यक्ष कन्हैयालाल बोथरा ने बताया कि फन्ना बाबू के निधन से न केवल बीकानेर बल्कि राजस्थान ने सरल, सौम्य व दानवीर भामाशाह खो दिया। बीकाजी के माध्यम से उन्होंने बीकानेर को हमेशा विश्वपटल पर ख्याति दिलायी। हल्दीराम मूलचंद हार्ट सेंटर उनके परिवार की ही देन है। उनके निधन से न केवल उद्योग-व्यापार जगत दु:खी है बल्कि बीकानेर के लिए भी बहुत बड़ी क्षति है जिसकी पूर्ति होना बहुत ही मुश्किल है। उनका पार्थिव शरीर चार्टर प्लेन से बीकानेर लाया जा रहा है और शुक्रवार को अंत्येष्टि होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

Share this story