नवसारी के धोलाई–मासा–कृष्णपुर न्यू लिंक रोड का शिलान्यास, केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने दी विकास कार्यों को गति

WhatsApp Channel Join Now
नवसारी के धोलाई–मासा–कृष्णपुर न्यू लिंक रोड का शिलान्यास, केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने दी विकास कार्यों को गति


नवसारी, 08 मार्च (हि.स.)। नवसारी जिले के गणदेवी तहसील से गुजरने वाले लगभग 173.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले धोलाई–मासा–कृष्णपुर न्यू लिंक रोड परियोजना का शिलान्यास केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल के हाथों किया गया। इस महत्वपूर्ण परियोजना से भविष्य में क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था अधिक सुगम होगी और कनेक्टिविटी मजबूत बनेगी।

इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सी.आर. पाटिल ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार द्वारा आधुनिक एवं सुविधाजनक सड़कों का निर्माण कर विकास को नई दिशा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि गुजरात में विकसित हो रहे कोस्टल हाईवे के अंतर्गत धोलाई–मासा–कृष्णपुर रोड बनने से नवसारी जिले के विकास को और गति मिलेगी तथा उद्योग, कृषि और व्यापार के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा होंगी। साथ ही नवसारी क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी और मजबूत होगी।

उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में नवसारी जिले में पीएम मित्र पार्क जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए मजबूत सड़क कनेक्टिविटी अत्यंत आवश्यक है। ऐसे सड़क प्रोजेक्ट्स लागू होने से औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

कार्यक्रम में उपस्थित आदिजाति विकास मंत्री नरेशभाई पटेल ने कहा कि ऐसे महत्वपूर्ण सड़क प्रोजेक्ट्स से गांवों का शहरों से बेहतर जुड़ाव होगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर मिलेंगे।

इस दौरान जिला कलेक्टर क्षिप्रा अग्रे ने स्वागत भाषण देते हुए परियोजना की तकनीकी जानकारी प्रस्तुत की। कार्यक्रम की शुरुआत में नवसारी के कार्यपालक इंजीनियर एम.एस. पटेल ने धोलाई–मासा–कृष्णपुर न्यू लिंक रोड परियोजना की विस्तृत जानकारी मानचित्र के माध्यम से मंत्रियों और उपस्थित गणमान्य लोगों को दी।

इस अवसर पर राज्य के जल आपूर्ति एवं जल संसाधन मंत्री ईश्वरभाई पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष परेशभाई देसाई, नवसारी के विधायक राकेशभाई देसाई, भारत सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अतिरिक्त सचिव एवं मिशन निदेशक कमल किशोर सोन, पेयजल निदेशक हरि नारायण, नवसारी जिला विकास अधिकारी पुष्पलता, नवसारी पुलिस अधीक्षक राहुल पटेल सहित जिले के कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Share this story