कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद वीरजी ठुम्मर का निधन

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद वीरजी ठुम्मर का निधन


अमरेली, 07 अक्टूबर (हि.स.)। अमरेली के पूर्व सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरजी ठुम्मर का बुधवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। कैंसर से पीड़ित ठुम्मर का उपचार चल रहा था। उन्होंने अपने पैतृक क्षेत्र अमरेली में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से अमरेली सहित पूरे गुजरात के राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर है। बुधवार शाम पांच बजे अमरेली में उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें राजनीतिक नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हिस्सा लिया।

वीरजी ठुम्मर का राजनीतिक जीवन कई दशकों तक अमरेली की राजनीति से जुड़ा रहा। उन्होंने स्थानीय राजनीति से लेकर लोकसभा और गुजरात विधानसभा तक अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।

वर्ष 2004 में उन्होंने अमरेली लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतकर संसद में प्रवेश किया। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप संघाणी को पराजित किया था। वे 2004 से 2009 तक लोकसभा सांसद रहे।

इसके बाद उन्होंने गुजरात की राजनीति में सक्रिय भूमिका जारी रखी। वर्ष 2017 में लाठी-बाबरा विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बने और 2017 से 2022 तक विधानसभा में रहे। उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार विधानसभा में उनकी उपस्थिति 91.5 प्रतिशत रही और उन्होंने करीब 120 महत्वपूर्ण चर्चाओं में भाग लिया।

किसान परिवार से राजनीति तक का सफर

31 मई 1959 को अमरेली में जन्मे वीरजी ठुम्मर की पहचान जमीन से जुड़े नेता के रूप में रही। उनकी पत्नी का नाम नीलाबेन है। किसान और व्यावसायिक पृष्ठभूमि से आने वाले ठुम्मर ने लंबे समय तक कांग्रेस के साथ रहकर सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाई।

उनकी बेटी जेनी ठुम्मर भी अमरेली की राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने 2015 से 2018 तक अमरेली जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में कार्य किया और 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था।

वीरजी ठुम्मर के निधन से अमरेली के राजनीतिक जीवन में एक महत्वपूर्ण अध्याय का अंत हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Share this story