(लीड) राज्यसभा के पूर्व सदस्य, समाजसेवी व उद्योगपति आरके सिन्हा का निधन, कल पटना में होगा अंतिम संस्कार

WhatsApp Channel Join Now
(लीड) राज्यसभा के पूर्व सदस्य, समाजसेवी व उद्योगपति आरके सिन्हा का निधन, कल पटना में होगा अंतिम संस्कार


नोएडा, 30 अक्टूबर (हि.स.)। राज्यसभा के पूर्व सदस्य, भाजपा के वरिष्ठ नेता, समाजसेवी तथा देश के प्रसिद्ध उद्योगपति आरके सिन्हा का शुक्रवार को नोएडा के सेक्टर 92 स्थित आवास पर निधन हो गया। शहर के कई बड़े नेता और समाजसेवी श्रद्धांजलि देने उनके घर पहुंचे। आज उनका पार्थिव शरीर हवाई मार्ग द्वारा पटना ले जाया जा रहा है। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा।

पूर्व राज्यसभा सांसद की सहयोगी रहीं रत्ना सिन्हा ने बताया कि आरके सिन्हा वर्ष 2025 के जनवरी माह में ब्रेन स्ट्रोक से ग्रसित हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए सिंगापुर ले जाया गया था। वहां उपचार के बाद नोएडा के सेक्टर 92 स्थित आवास पर रहने आ गए थे, जहां आज सुबह उनका निधन हो गया।

उन्होंने बताया कि आज शाम ७ बजे उनका पार्थिव शरीर दिल्ली से पटना ले जाया जाएगा। कल शनिवार सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक पटना स्थित अन्नपूर्णा भवन, पाटलिपुत्र में उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। दोपहर 12:00 बजे अन्नपूर्णा भवन से उनकी अंतिम यात्रा दीघा घाट के लिए प्रस्थान करेगी।

बिहार में भोजपुर जिले के बहियारा गांव निवासी रविन्द्र किशोर सिन्हा का जन्म 22 सितम्बर 1951 को हुआ था। डॉ सिन्हा एसआईएस समूह के संस्थापक और चेयरमैन थे। राजनीति के साथ-साथ उद्योग जगत में उनकी विशिष्ट पहचान थी। भाजपा के शुरुआती दौर से जुड़े रहे डॉ सिन्हा ने पार्टी और संगठन के लिए लंबे समय तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने अपने करियर की शुरुआत पत्रकारिता से की थी। राजनीति विज्ञान और कानून की पढ़ाई करने वाले आरके सिन्हा की लेखन में गहरी रुचि थी। पत्रकारिता के दौर में उन्होंने ‘जनांदोलन’ नाम की किताब लिखी थी। इस किताब में जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में चले छात्र आंदोलन का विस्तार से जिक्र किया गया। वर्ष 2016 से लेकर 2022 तक वे हिन्दुस्थान समाचार संवाद समिति के चैयरमेन रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769323 Articles

Share this story