सुखबीर बादल को धार्मिक सजा सुनाने वाले अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार के आवास पर फायरिंग

WhatsApp Channel Join Now
सुखबीर बादल को धार्मिक सजा सुनाने वाले अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार के आवास पर फायरिंग


- पुलिस को घर व गाड़ी से मिले गोली के निशान

चंडीगढ़, 14 अगस्त (हि.स.)। सुखबीर बादल को धार्मिक सजा सुनाने वाले अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघुबीर सिंह के अमृतसर आवास पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। फायरिंग के दौरान पूर्व जत्थेदार अपने घर पर ही थे। अमृतसर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघुबीर सिंह की निजी गाड़ी तथा घर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। घटनास्थल से एक कारतूस भी बरामद किया गया है।

अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघुबीर सिंह द्वारा पुलिस को दिए गए बयानों में कहा गया है कि सीसीटीवी फुटेज में गोली चलने की आवाज रिकॉर्ड होने की भी बात सामने आई है। साथ ही लाल टी-शर्ट पहने एक युवक स्कूटर पर जाते हुए नजर आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल भी मौके पर पहुंचे।

पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह ने ही करीब 2 साल पहले सुखबीर बादल को बेअदबी मामले में धार्मिक सजा सुनाई थी। सुखबीर बादल पर कल (13 अगस्त को) महाराष्ट्र के नांदेड में गुरुद्वारा माता साहिब में निहंग ने कृपाण से हमला कर दिया था। पूर्व जत्थेदार ने बताया कि 12 अगस्त की रात करीब 11:04 बजे उनके घर के बाहर खड़ी गाड़ी के बोनट में गोली लगी थी।

इसका पता परिवार को 13 अगस्त शाम करीब सवा 5 बजे चला, जब ड्राइवर गाड़ी साफ कर रहा था और उसे गोली का निशान मिला। जांच में यह .32 बोर की गोली निकली। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी में गोली लगने की आवाज रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में एक युवक स्कूटी पर घर के पास आता-जाता और बाद में चौक में फोन पर बात करता दिखाई दिया है।

पूर्व जत्थेदार ने कहा कि उन्हें किसी तरह की सीधी धमकी या फोन नहीं आया था, लेकिन पहले भी रास्ते में उनकी गाड़ी को साइड मारने या काफिले में गाड़ी घुसाने की कोशिशें होती रही हैं। डीसीपी इन्वेस्टिगेशन रविंदर पाल सिंह संधू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोली ऊपर से चलकर नीचे की ओर आई और इसके बाद घटनास्थल पर लगी।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किस दिशा से चली। पुलिस ने उनके पीएसओ से भी पूछताछ की है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा पुलिस आसपास के घरों से भी संपर्क कर रही है। इलाके में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि गोली चलने की घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।

डीसीपी ने बताया कि अब तक की जांच में ऐसा कोई व्यक्ति सामने नहीं आया है, जिसने सीधे तौर पर घर की ओर गोली चलाई हो। पुलिस मामले में किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है और हर एंगल से जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story