अरुणाचल : अचानक बाढ़ में सेना के पांच जवान लापता, भूस्खलन में तीन लोगों की मौत

WhatsApp Channel Join Now

इटानगर, 15 अगस्त (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण दिबांग वैली और अपर सुबनसिरी जिलों में अलग-अलग घटनाओं में सेना के पांच जवान लापता हो गए, जबकि भूस्खलन में तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, दिबांग वैली जिले में शुक्रवार शाम अचानक आई बाढ़ में पासु पानी स्थित सेना के कैंप के दो शेल्टर बह गए। पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि यह घटना मिपी सर्कल से करीब 25 किलोमीटर दूर हुई। एक बड़े जलस्रोत के अचानक उफान पर आने से आसपास के इलाकों में पानी भर गया।

बाढ़ के पानी में 5वीं ग्रेनेडियर्स के सात जवान बह गए। इनमें से दो जवानों को बचा लिया गया, जबकि पांच अभी लापता हैं। लापता जवानों की पहचान हवलदार उपेंद्र, कुंदन, विनोद, आदित्य और समुंडा के रूप में हुई है।

लापता जवानों की तलाश में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें अभियान चला रही हैं। 5वीं ग्रेनेडियर्स की दो खोज एवं बचाव टीमें भी अभियान में शामिल हैं। इसके अलावा इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस की 58वीं बटालियन, जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स की 62 आरसीसी, अरुणाचल प्रदेश पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवक भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं।

दुर्गम इलाकों में तलाशी अभियान जारी है। साथ ही सेना के कैंप और अन्य बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

अपर सुबनसिरी में भूस्खलन से तीन की मौत

इस बीच, अपर सुबनसिरी जिले के नाचो इलाके में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति अभी लापता है।

मलबे से तीन शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतकों की पहचान टाडू बाकी, ताजी राय और बाबुल अली के रूप में हुई है। वहीं, मार्कारोश बसुमतारी के अब तक लापता होने की सूचना है। आशंका है कि वह भूस्खलन के मलबे में दबे हो सकते हैं।

घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस, जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं। 15 अगस्त की सुबह अतिरिक्त जवानों को भी घटनास्थल पर भेजा गया। अधिकारियों के अनुसार, मलबे में फंसे व्यक्ति की तलाश के साथ राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

Share this story