भुवनेश्वर में मत्स्य पालन एवं जलीय कृषि विकास व तकनीकी नवाचारों पर मंथन

WhatsApp Channel Join Now
भुवनेश्वर में मत्स्य पालन एवं जलीय कृषि विकास व तकनीकी नवाचारों पर मंथन


तीन दिवसीय सम्मेलन में अनुसंधान, आधुनिक तकनीकों और मजबूत वैल्यू चेन पर विचार-विमर्श

भुवनेश्वर, 19 नवंबर (हि.स.)। मत्स्य पालन एवं जलीय कृषि क्षेत्र में वैज्ञानिक नवाचारों, आधुनिक तकनीकों और सतत विकास की संभावनाओं को नई दिशा देने के उद्देश्य से 14वां भारतीय मत्स्य एवं जलीय कृषि मंच (14आईएफएएफ) गुरुवार को ओडिशा के भुवनेश्वर हुआ।

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद–केंद्रीय मीठाजल जीवपालन संस्थान (आईसीएआर-सीआईएफए) में शुरू हुए इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन में भारत सहित सात देशों के 1,000 से अधिक वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं, उद्यमियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और किसानों की भागीदारी है।

18 से 20 नवंबर तक आयोजित इस सम्मेलन का संयुक्त आयोजन एशियन फिशरीज सोसाइटी, इंडियन ब्रांच (एएफएसआईबी), आईसीएआर-सीआईएफए, भारत सरकार के मत्स्य पालन विभाग, राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड (एनएफडीबी), ओडिशा सरकार के मत्स्य एवं पशु संसाधन विकास (एफएआरडी) विभाग तथा एसोसिएशन ऑफ एक्वाकल्चरिस्ट्स द्वारा किया जा रहा है।

इस वर्ष सम्मेलन की थीम 'मत्स्य पालन एवं मत्स्यिकी का रूपांतरण: विज्ञान और समाज के बीच सेतु निर्माण' रखी गई है। इसका उद्देश्य वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने, तकनीकी नवाचारों को प्रोत्साहित करने तथा शोधकर्ताओं, नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत और मत्स्य पालक समुदायों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग स्थापित करना है। सम्मेलन में वैज्ञानिक उपलब्धियों को व्यावहारिक समाधानों में बदलने और मत्स्य क्षेत्र के विकास में सभी हितधारकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बैंकॉक स्थित नेटवर्क ऑफ एक्वाकल्चर सेंटर्स इन एशिया-पैसिफिक (एनएसीए) के महानिदेशक डॉ. एडुआर्डो लियानो ने सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने जलीय कृषि क्षेत्र को अधिक उन्नत, प्रतिस्पर्धी और टिकाऊ बनाने के लिए नवाचारों को गति देने तथा आधुनिक तकनीकों को तेजी से अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक प्रगति और तकनीकी नवाचार जलीय कृषि क्षेत्र के रूपांतरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

इस अवसर पर आईसीएआर के उप महानिदेशक (मत्स्य विज्ञान) डॉ. जे. के. जेना ने मत्स्य क्षेत्र में अग्रणी अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों में निवेश बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण और विपणन तक मजबूत वैल्यू चेन का विकास करना जरूरी है, ताकि मत्स्य उत्पादों को बेहतर बाजार मिल सके और इस क्षेत्र की आर्थिक संभावनाओं का विस्तार हो।

राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी डॉ. बी. के. बेहेरा ने मत्स्य सहकारी समितियों को सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि इनके माध्यम से मछुआरों की आजीविका में सुधार लाया जा सकता है तथा उन्हें बेहतर आर्थिक अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। वहीं, निफ्टेम, कुंडली (हरियाणा) के पूर्व कुलपति डॉ. सी. वासुदेवप्पा ने मत्स्य उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं के बीच उनकी स्वीकार्यता बढ़ाने को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण उत्पादों और उपभोक्ताओं के विश्वास को बाजार विस्तार के लिए आवश्यक बताया।

सम्मेलन में एनएसीए के पूर्व महानिदेशक डॉ. ए. ई. एकनाथ, एएफएसआईबी के सचिव डॉ. के. एम. राजेश, आईसीएआर-सीआईएफई, मुंबई के पूर्व निदेशक डॉ. दिलीप कुमार तथा एनआईटीटीई विश्वविद्यालय, मंगलुरु स्थित एफएओ रेफरेंस सेंटर के सलाहकार डॉ. आई. करुणासागर सहित कई प्रतिष्ठित विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए। उन्होंने मत्स्य पालन एवं जलीय कृषि क्षेत्र की उभरती प्राथमिकताओं, अनुसंधान में हो रही प्रगति, तकनीकी नवाचारों और भविष्य में उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से चर्चा की।

इससे पूर्व, आईसीएआर-सीआईएफए के निदेशक एवं सम्मेलन के संयोजक डॉ. पी. के. साहू ने विज्ञान, उद्योग और किसानों के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने, अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने तथा अनुसंधान के परिणामों को किसानों के लिए उपयोगी एवं व्यावहारिक समाधानों में परिवर्तित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

डॉ. साहू ने बताया कि सम्मेलन में भारत सहित छह अन्य देशों से 1,000 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए हैं। इनमें वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद, नीति-निर्माता, उद्यमी, उद्योग प्रतिनिधि और किसान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह मंच विभिन्न हितधारकों को एक साथ लाकर ज्ञान, अनुभव और नवीन तकनीकों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है।

एआई, जीनोम एडिटिंग और प्रिसिजन एक्वाकल्चर पर होगा मंथन

तीन दिवसीय सम्मेलन के दौरान मत्स्य संसाधनों का सतत प्रबंधन, जलीय पारिस्थितिकी तंत्र का संरक्षण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), जीनोम एडिटिंग, प्रिसिजन एक्वाकल्चर, उन्नत प्रजनन तकनीक, मत्स्य आहार विकास, जलीय जीवों का स्वास्थ्य और आनुवंशिक सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

इन विषयों के माध्यम से मत्स्य उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने, जलीय संसाधनों के संरक्षण, बेहतर प्रजातियों के विकास तथा आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी। सम्मेलन का उद्देश्य मत्स्य पालन एवं जलीय कृषि क्षेत्र के सतत, समावेशी और प्रौद्योगिकी आधारित विकास के लिए ठोस रणनीतियां तैयार करना भी है।

सम्मेलन के साथ 20 संस्थानों एवं एजेंसियों की भागीदारी से विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की गई है। इसमें मत्स्य पालन एवं जलीय कृषि से संबंधित नवीन तकनीकों, वैज्ञानिक नवाचारों, उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी वैज्ञानिकों, किसानों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को एक-दूसरे से संवाद करने, आधुनिक तकनीकी समाधानों को समझने तथा भविष्य में सहयोग और साझेदारी की संभावनाएं तलाशने का अवसर प्रदान कर रही है।

उद्घाटन समारोह में विभिन्न वैज्ञानिक प्रकाशनों का विमोचन भी किया गया। इसके अलावा, मत्स्य एवं जलीय कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों को एसोसिएशन ऑफ एक्वाकल्चरिस्ट्स की ओर से फेलो अवॉर्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

_________________________

हिन्दुस्थान समाचार / रामानुज शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story