पंजाब के फिरोजपुर में ओवरलोडेड पिकअप-ट्राले की टक्कर, नौ की मौत; 20 घायल (अपडेट)

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 06 जून (हि.स.)। पंजाब के फिरोजपुर में शनिवार सुबह ओवरलोडेड पिकअप वैन और ट्राले की भीषण टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हुए हैं। मृतक और घायल आपस में रिश्तेदार थे और अस्थि विसर्जन के लिए डेरा ब्यास जा रहे थे।पुलिस के अनुसार, पिकअप में करीब 29 लोग सवार थे। गाड़ी की छत और फर्श के बीच में एक विभाजन कर लोगों को बैठाया गया था। इसके अलावा गाड़ी के पीछे लकड़ी के फट्टे लगाकर जगह बढ़ाई गई थी और एक सीढ़ी लगा दी गई थी।

परिवार अपने मृतक परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए डेरा ब्यास जा रहा था। जब वाहन गांव जंगेवाला के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे एक ट्राले के साथ उसकी भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोगों को संभलने का मौका ही नहीं मिला।

टक्कर लगते ही पिकअप सवार लोग एक दूसरे पर गिरे, जबकि ऊपर बने टूल बॉक्स में बैठे पांच लोग उछलकर ट्राले का शीशा तोड़ते हुए उसके अंदर जा गिरे, जिससे उनकी मौत हो गई। इसमें 13 साल की बच्ची भी शामिल है। मृतकों की पहचान महिंदर सिंह, राजकुमार, माइयां बाई, दर्शन सिंह, महिंदर कौर, जीतो बाई, विद्या बाई, करनैल सिंह और सुखविंदर कौर के तौर पर हुई है।

फिरोजपुर में हुए भीषण सडक़ हादसे के 14 घायलों को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों का हालचाल जानने के लिए विधायक गुरदित्त सिंह सेखों अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सभी मरीजों का बेहतर और निशुल्क इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. नीतू कुक्कड़ ने बताया कि चार की हालत गंभीर है, जिन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। इस हादसे में मल सिंह, लक्ष्मी, गोमा बाई, जिगर, दारा सिंह, सोनिया रानी, रानो, जेहन, सुखदेव सिंह, गुरमीत सिंह, करनैल सिंह, रिंकू, विद्या बाई, रीत कौर घायल हुए हैं।

एसएसपी फिरोजपुर भूपिंदर सिंह के अनुसार पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं करने के बाद शवों को वारिसों के हवाले कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story