मध्य प्रदेश में फिल्म द केरल स्टोरी होगी टैक्स फ्री, मुख्यमंत्री की घोषणा
भोपाल, 6 मई (हि.स.)। फिल्म द केरल स्टोरी को मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री कर दिया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वयं ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फिल्म द केरल स्टोरी शिक्षित और जागरूक करती है। बच्चों और अभिभावकों को यह फिल्म जरूर देखना चाहिए।
मुख्यमंत्री चौहान ने शनिवार को ट्वीटर पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि द केरल स्टोरी आतंकवाद, मतांतरण और लव जिहाद के घिनौने चेहरे को उजागर करती है। क्षणिक भावुकता में जो बेटियां लव जिहाद के जाल में उलझ जाती हैं, उनकी कैसे बर्बादी होती है यह फिल्म बताती है। आतंकवाद के डिजाइन को भी यह फिल्म उजागर करती है। यह फिल्म हमें जागरूक करती है।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में पहले ही हमने मतांतरण के खिलाफ कानून बनाया है। यह फिल्म जागरूक करती है। इस फिल्म को सबको देखना चाहिए। अभिभावकों को और बच्चों को भी देखना चाहिए। बेटियों को भी देखना चाहिए। इसलिए मध्य प्रदेश शासन इस फिल्म को टैक्स फ्री कर रहा है।
गौरतलब है कि द केरल स्टोरी को लेकर विरोध और समर्थन दोनों हो रहा है। फिल्म की कहानी लव जिहाद पर केंद्रित है। फिल्म केरल की महिलाओं के ग्रुप के बारे में बनी फिल्म है, जो इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) में शामिल हो जाता है। फिल्म शुक्रवार को रिलीज हो चुकी है।
'द कश्मीर फाइल्स' को भी किया था टैक्स फ्री
मध्य प्रदेश में फिल्म द कश्मीर फाइल्स को टैक्स फ्री किया गया था। तब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोगों से फिल्म देखने के लिए कहा था।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/संजीव

