गुवाहाटी के प्रदेश भाजपा मुख्यालय में जीत का जश्न, उत्सव जैसा माहौल

WhatsApp Channel Join Now
गुवाहाटी के प्रदेश भाजपा मुख्यालय में जीत का जश्न, उत्सव जैसा माहौल


गुवाहाटी, 04 मई, (हि.स.)। गुवाहाटी के बशिष्ठ स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में सोमवार को उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। असम विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा की अभूतपूर्व सफलता के बाद पार्टी कार्यालय में दीपावली और होली जैसा वातावरण बन गया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने असम की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तीसरी बार सरकार बनाने का अवसर देने के लिए वे जनता के प्रति कृतज्ञ हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास” की नीति को प्राथमिकता देते हुए अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर राज्य में सरकार का गठन करेगी।

पार्टी के प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल सहित भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे और पार्टी के विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी। हालांकि, कुछ विधानसभा क्षेत्रों के परिणामों की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।

उल्लेखनीय है कि आज सुबह चुनाव परिणाम के रुझान भाजपा के पक्ष में आने के साथ ही बड़ी संख्या में राज्यभर से पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय में जुटने लगे। पार्टी कार्यकर्ता आपस में होली खेलते हुए देखे गए। व्यापक पैमाने पर मिठाइयां बांटी जा रही थीं। विभिन्न प्रकार के पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ पारंपरिक वेशभूषा में असम की सांस्कृतिक झांकियां भाजपा कार्यालय परिसर में प्रस्तुत होते देखी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story