फरीदाबाद में टेक महिंद्रा के एशिया हेड की गोली मारकर हत्या

WhatsApp Channel Join Now
फरीदाबाद में टेक महिंद्रा के एशिया हेड की गोली मारकर हत्या


-पार्किंग विवाद में पड़ोसी ने 15 राउंड फायरिंग कर ली जान

-भांजे की शादी में सिंगापुर से आए परमजीत की गोली मारकर हत्या

फरीदाबाद, 07 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सेक्टर-21सी में पार्किंग विवाद को लेकर टेक महिंद्रा कंपनी के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि उनके पड़ोसी मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उन पर करीब 15 राउंड फायरिंग की। परमजीत को नौ गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच कुत्ते को पार्किंग में शौच कराने और गाड़ी खड़ी करने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, परमजीत पांच नवंबर को सिंगापुर से अपने घर लौटे थे। वह भांजे की शादी में शामिल होने आए थे, जो 24 नवंबर को होनी है। शुक्रवार रात जिम से लौटने के बाद पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने को लेकर उनका मोनू से विवाद हो गया। परमजीत ने अपनी निर्धारित पार्किंग में खड़ी मोनू की गाड़ी हटाने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि मोनू अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर वहां पहुंचा और परमजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद के अनुसार, सेक्टर-21 सी की बिल्डिंग नंबर-641 में परमजीत का परिवार पहली मंजिल पर रहता है। आरोपी मोनू का परिवार तीसरी मंजिल पर रहता था। इन दोनों परिवारों का पिछले काफी दिनों से झगड़ा चल रहा था। प्रह्लाद ने बताया, मोनू का बेटा अपने डॉग को पार्किंग की जगह पॉटी करा देता था। परमजीत का बेटा शौर्या अक्सर उसे टोकता था। इस बात को लेकर उसकी 4-5 दिन पहले मोनू से भी झड़प हुई थी, मगर मामला हर बार सुलझ गया। परमजीत काम के सिलसिले में सिंगापुर जाते रहते थे। उनका परिवार यहीं रहता था। पांच नवंबर को परमजीत सिंगापुर से घर लौटे थे। यहां आने के बाद ही उन्होंने जिम जॉइन कर लिया था। परमजीत शुक्रवार रात जिम से घर लौटे थे। सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद ने बताया कि इसी दौरान पार्किंग में उन्हें जो जगह अलॉट थी, वहां मोनू की गाड़ी खड़ी थी। उन्होंने मोनू से गाड़ी हटाने को कहा, इसी दौरान उनके बीच फिर विवाद हो गया। मोनू पार्किंग में ही अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया था। हंगामा बढऩे पर उसने पिस्टल निकालकर परमजीत पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। परमजीत की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मोनू पूरे परिवार के साथ फरार हो गया। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद ने बताया कि वारदात की सूचना पर पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल से कारतूसों के कुछ खोल बरामद हुए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया, करीब 15 राउंड फायरिंग की गई। पुलिस ने शौर्या की शिकायत पर मुख्य आरोपी मोनू शर्मा उर्फ मोहन, पत्नी दिव्या, बेटा मंयक, बेटी नैना और भाई हेतराम के खिलाफ केस दर्ज किया है।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773737 Articles

Share this story