फैक्ट चेक : ‘एमईए भारत’ एक्स अकाउंट को विदेश मंत्रालय ने बताया फर्जी

WhatsApp Channel Join Now
फैक्ट चेक : ‘एमईए भारत’ एक्स अकाउंट को विदेश मंत्रालय ने बताया फर्जी


नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। विदेश मंत्रालय ने एक फैक्ट चेक में एमईए भारत (@MEABharat) के नाम से चलाए जा रहे एक ट्विटर हैंडल को फर्जी बताया है। मंत्रालय के फैक्ट चेक विभाग ने लोगों से इस तरह के सोशल मीडिया अकाउंट से सावधान रहने की अपील की है।

विदेश मंत्रालय ने फेक अकाउंट की जानकारी देते हुए कहा कि इस खाते का मंत्रालय से कोई संबंध नहीं है। यह मंत्रालय का रूप धारण करके जनता को गुमराह कर रहा है और जनहित को नुकसान पहुंचा रहा है। सभी को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

मंत्रालय की ओर से जिस अकाउंट के बारे में कहा गया है उसे 2023 के सितंबर में बनाया गया था और 2024 के बाद से उसमें कोई अपडेट नहीं है।

उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया पर अक्सर बड़ी कंपनियों, मंत्रालयों और लोगों के नाम पर फर्जी अकाउंट बनाकर गुमराह करने की साजिश रची जाती है। इसलिए लोगों को आधिकारिक वेबसाइट और अकाउंट को ही फॉलो करना चाहिए।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story