एक्जिट पोलः टुडे चाणक्य ने पश्चिम बंगाल में भाजपा को दिया पूर्ण बहुमत

WhatsApp Channel Join Now
एक्जिट पोलः टुडे चाणक्य ने पश्चिम बंगाल में भाजपा को दिया पूर्ण बहुमत


नई दिल्ली, 30 अप्रैल (हि.स.)। टुडे चाणक्य ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के एक्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी को स्पष्ट बहुमत की भविष्यवाणी की है। वहीं, तमिलनाडु में द्रमुक की वापसी और केरल में बदलाव की बात कही है। असम में सभी पोल एजेंसियों की तरह चाणक्य ने भी भाजपा की भारी बहुमत के साथ वापसी बताई है।

टुडे चाणक्य के मतदान बाद किए गए सर्वे के अनुसार पश्चिम बंगाल में भाजपा को 192, तृणमूल कांग्रेस को 100 और अन्य को दो सीटें मिल सकती हैं। इनमें 11 सीटों का उतार-चढ़ाव संभव है। मतदान प्रतिशत की बात की जाए तो भाजपा को 45 प्रतिशत, तृणमूल को 38 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। इनमें 3 प्रतिशत कम या ज्यादा हो सकता है। राज्य में 294 विधानसभा सीटें हैं और बहुमत के लिए 148 सीटें चाहिए।

तमिलनाडु में एजेंसी ने अन्नाद्रमुक को 125, द्रमुक को 45 और टीवीके को 63 सीटें दी हैं। इनमें 11 सीटें कम या ज्यादा हो सकती हैं। वोट प्रतिशत की बात की जाए तो अन्नाद्रमुक को 27, द्रमुक को 39 और टीवीके को 30 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। राज्य की 234 सीटों में जीतने के लिए 118 सीटें चाहिए।

केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन को 69, वाम दलों वाले सत्तारूढ़ एलडीएफ गठबंधन को 64 और भाजपा गठबंधन को 7 सीटें मिल सकती हैं। वोट प्रतिशत इस प्रकार रह सकता है- यूडीएफ 40 प्रतिशत, एलडीएफ 38 प्रतिशत और भाजपा प्लस 20 प्रतिशत। 140 सीटों वाली विधानसभा में जीतने के लिए 71 सीटें चाहिए।

असम में भाजपा गठबंधन को 50 प्रतिशत, कांग्रेस गठबंधन को 38 और अन्य को 12 प्रतिशत वोट शेयर मिलने का अनुमान जताया है। इसको अगर सीटों में बदल कर देखा जाए तो भाजपा 102, कांग्रेस 23 और अन्य 1 सीटें ले जा सकते हैं। राज्य की 126 सीटों में बहुमत का आंकड़ा 64 है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story