श्रीनाथजी के दर्शन के बाद पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, उदयपुर रेफर

WhatsApp Channel Join Now
श्रीनाथजी के दर्शन के बाद पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, उदयपुर रेफर


नाथद्वारा, 26 नवंबर (हि.स.)। पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ गुरुवार सुबह प्रभु श्रीनाथजी के दर्शन के लिए नाथद्वारा पहुंचे। सपरिवार मंदिर में मंगला झांकी के दर्शन करने के बाद बाहर निकलते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल मंदिर परिसर स्थित मोती महल के पास कुर्सी पर बिठाया गया और चिकित्सक को बुलाया गया।

चिकित्सक डॉ. सतीश चौधरी ने मौके पर प्रारंभिक जांच की। इसके बाद धनखड़ को एंबुलेंस से शहर के गोवर्धन राजकीय जिला चिकित्सालय ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी जांच की और इसके बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए उदयपुर भेज दिया गया। अस्पताल से धनखड़ कार से उदयपुर के लिए रवाना हुए।

तबीयत खराब होने से पहले पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने पत्नी के साथ प्रभु श्रीनाथजी की मंगला झांकी के दर्शन किए। मंदिर की परंपरा के अनुसार दर्शन के बाद मंदिर मंडल की ओर से धनखड़ और उनकी पत्नी का उपरना ओढ़ाकर सम्मान किया गया तथा प्रभु श्रीनाथजी का प्रसाद भेंट किया गया। इस दौरान मंदिर के सहायक अधिकारी अनिल सनाढ्य, लीलाधर पुरोहित, जमादार विठ्ठल सनाढ्य सहित मंदिर के अन्य सेवादार मौजूद रहे। नाथद्वारा पहुंचने पर जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा और पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार सहित अधिकारियों ने उनकी अगवानी की।

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ प्रभु श्रीनाथजी के अनन्य भक्त माने जाते हैं। राज्यपाल और उपराष्ट्रपति के पद पर रहते हुए भी वे कई बार नाथद्वारा पहुंचकर प्रभु श्रीनाथजी के दर्शन कर चुके हैं। गुरुवार को दर्शन के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही प्रशासन और मंदिर प्रबंधन सक्रिय हो गया तथा उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story