(फाइनल लीड) विधानसभा चुनावः बंगाल, असम, पुडुचेरी में कमल, तमिलनाडु में विजयरथ, केरल में कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
(फाइनल लीड) विधानसभा चुनावः बंगाल, असम, पुडुचेरी में कमल, तमिलनाडु में विजयरथ, केरल में कांग्रेस


नई दिल्ली, 04 मई (हि.स.)। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को पश्चिम बंगाल में बड़ा बहुमत प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही भाजपा के खाते में एक और राज्य जुड़ गया। असम और पुडुचेरी में भाजपा और एनडीए की सरकार दोबारा सत्ता में लौटी है। दक्षिण के दो बड़े राज्यों केरल और तमिलनाडु में सत्ता परिवर्तन होने जा रहा है। केरल में वामदलों को हटा कांग्रेस नेतृत्व वाला गठबंधन 10 सालों बाद लौटा है। वहीं तमिलनाडु में एक साल पहले बनी एक्टर विजय की पार्टी टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनी है।

चुनाव आयोग की वेबसाइट पर रात्रि 11 बजे तक के आंकडे इस प्रकार हैं–

पश्चिम बंगाल- 19 सीटों के नतीजे बाकी

पश्चिम बंगाल 293 सीटों पर बहुमत के लिए 147 सीटें चाहिए। भारतीय जनता पार्टी यहां 207, तृणमूल कांग्रेस 80 पर आगे या बढ़त बनाए हुए है। वहीं, कांग्रेस 2, आम जनता उन्नयन पार्टी 2, माकपा को एक और एआईएसएफ को एक सीट पर जीत मिली है। भाजपा को 45.85 प्रतिशत, तृणमूल कांग्रेस को 40.80 प्रतिशत मत मिले हैं।

भवानीपुर सीट में भाजपा के सुवेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस की नेता एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 15 हजार से अधिक मतों से हराया है। वहीं दूसरी सीट नंदीग्राम से लड़ रहे अधिकारी ने यहां भी जीत दर्ज की। खड़गपुर सदर सीट पर भाजपा के दिलीप घोष (पूर्व पार्टी अध्यक्ष) ने जीत दर्ज की है। आसनसोल दक्षिण से भाजपा की अग्निमित्र पॉल ने जीत हासिल की। बहरेमपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार ने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी को हराया है। वे पिछली लोकसभा में कांग्रेस के सदन में नेता थे। मथाभांगा से निशिथ प्रमाणिक ने जीत दर्ज की है। पानीहाटी में आरजीकर मामले की पीड़िता की मां रत्ना देवनाथ ने भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की। तृणमूल का गढ़ माने जाने वाले डायमंड हार्बर से तृणमूल उम्मीदवार पन्नालाल हल्दर ने जीत दर्ज की। उत्तर बंगाल की ज्यादातर सीटों राजगंज, माल, कलिम्पोंग, दार्जिलिंग में भाजपा ने जीत दर्ज की।

तमिलनाडु- 8 सीटों के नतीजे बाकी

तमिलनाडु में 234 सीटों में बहुमत के लिए 118 सीटें चाहिए। यहां टीवीके 107, द्रमुक 60 सीटें, अन्नाद्रमुक 47 सीटों पर आगे या बढ़त बनाए हुए है। वहीं पीएमके ने 4, कांग्रेस ने 5 सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा को उधगमंडलम सीट पर जीत मिली है। डीएमडीके और अन्य को 1-1 सीटें मिली है। टीवीके को 34.92 प्रतिशत, द्रमुक को 24.19 प्रतिशत, अन्नाद्रमुक को 21.22 प्रतिशत मत प्रतिशत मिला है।

तमिलनाडु में टीवीके ने पूरे राज्य में खासकर उत्तरी, पश्चिमी और शहरी इलाकों में अच्छा प्रदर्शन किया। द्रमुक मुख्य रूप से कुछ दक्षिणी और पारंपरिक गढ़ों में सिमटी रही। मुख्यमंत्री एमके स्टालीन कोलाथुर टीवीके उम्मीदवार वीएस बाबू से हार गए। पार्टी प्रमुख एक्टर विजय पेराम्बुर और तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट से जीत पाने में कामयाब रहे। एडप्पाडी से अन्नाद्रमुक प्रमुख एडप्पाडी क पलनीस्वामी ने रिकॉर्ड मार्जिन से जीत सहासिल की। माइलापोर से टीवीके उम्मीदवार वेंकटारमनन पी. उम्मीदवार ने जीत दर्ज की। गोबिचेट्टिपालयम अन्नाद्रमुक के के.ए. सेंगोत्तैयान ने 10वीं बार जीत हासिल की (इतिहासिक)। चेपौक-तिरुवल्लिकेनी से मुख्यमंत्री स्टालिन के बेटे उदयनिधि स्टालिन ने जीत दर्ज की। राज्य में कई द्रमुक मंत्री और बड़े नेताओं की हार हुई।

असम- सभी सीटों के नतीजे आए

असम में 126 सीटें हैं और बहुमत के लिए 64 सीटें चाहिए। भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को 102 सीटों पर जीत हासिल की है। इसमें भाजपा को 82 सीटें, बोडो पीपुल्स फ्रंट को 10 सीटें और असम गण परिषद को 10 सीटों पर जीत मिली है। वहीं कांग्रेस को 19 सीटें, एआईयूडीएफ को 2, रायजोर दल 2, तृणमूल कांग्रेस को 1 सीट पर जीत मिली है। यहां सबसे बड़ी पार्टी भाजपा को 37.81 प्रतिशत तथा सहयोगी पार्टियों बोडोलैंड को 3.73 प्रतिशत, एजीपी को 6.47 प्रतिशत मत मिले हैं। गठबंधन की दृष्टि से यह आंकड़ा 48 प्रतिशत से अधिक होता है।

राज्य में भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए ने भारी बहुमत हासिल किया तथा मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा जालुकबारी सीट पर भारी अंतर से जीते। वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई जोरहाट में हार गए। विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया नजीरा में हारे। स्वास्थ्य मंत्री अजंता नेगी गोलाघाट सीट बचाने में सफल रहीं। रनोज पेगू धेमाजी जीते, अतुल बोरा बोखाखाट में जीते और कई अन्य भाजपा तथा सहयोगी दल के प्रमुख नेता विजयी रहे।

केरल- सभी सीटों के नतीजे आए

केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन 99 के आंकड़े तक पहुंचा है। इसमें कांग्रेस ने 63, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने 22, केरल कांग्रेस ने 7 सीटों, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी ने 3, राष्ट्रीय जनता दल ने 1 सीट और अन्य ने 3 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं वामदलों के नेतृत्व वाले गठबंधन को 36 सीटों पर जीत हासिल हुई है। गठबंधन में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने 26, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी 8, रिवोल्यूशनरी मार्क्सिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, कम्युनिस्ट मार्क्सिस्ट पार्टी केरल स्टेट कमेटी ने 1-1 सीटों पर जीत दर्ज की है। अन्य पार्टियों में भारतीय जनता पार्टी को 3 और अन्य उम्मीदवार 4 पर जीते हैं।

केरल में कांग्रेस नीत यूडीएफ ने भारी बहुमत हासिल कर सत्ता में वापसी की। विपक्ष के नेता वीडी सतीशन और ओमान चांडी जैसे कांग्रेस नेता भारी अंतर से जीते हैं। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन धर्मादम सीट पर जीते। हालांकि उनके एलडीएफ गठबंधन के नेताओं को हार का सामना करना पड़ा। इसमें स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा समेत कई एलडीएफ मंत्री शामिल हैं। वहीं पहली बार भाजपा ने एक से अधिक सीटों पर चुनाव जीता है। भाजपा के राजीव चंद्रशेखर ने नेमोम सीट जीती तथा भाजपा ने कुल तीन सीटें हासिल कीं।

पुडुचेरी- सभी सीटों के नतीजे आए

पुडुचेरी की 30 सीटों में बहुमत के लिए 16 का आंकड़ा चाहिए। यहां अखिल भारतीय एन.आर. कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए कुल 18 जीत सीटों पर जीत हासिल की है। इसमें पार्टी को 12, सहयोगी भारतीय जनता पार्टी को 4, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम और लाचिया जननायक काची को 1-1 सीट पर जीत मिली है। वहीं अन्य पार्टियों की बात की जाए तो द्रमुक को 5, कांग्रेस को 1 सीट मिली है। टीवीके को 2, नेयम मक्कल कड़गम को 1 सीट पर सफलता मिली है। इसके अलावा 3 स्वतंत्र उम्मीदवार जीते हैं।

उपचुनाव- सभी के नतीजे आए

विधानसभा उपचुनाव के नतीजे भी भाजपा के पक्ष में आए हैं। पार्टी ने सात में से चार पर जीत दर्ज की है। एक सीट पर उसके सहयोगी दल के उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है। कर्नाटक की दोनों सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है।

पांच राज्यों की सात विधानसभा सीटों के उपचुनाव में महाराष्ट्र की बारामती सीट से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सुनेत्रा पवार बड़े अंतर से जीती है। राहुरी से भाजपा उम्मीदवार अक्षय कार्डिले, गुजरात के उमरेठ सीट से भाजपा उम्मीदवार हर्षदभाई गोविंदभाई परमार ने जीत दर्ज की है। नगालैंड के कोरीडांग सीट पर भाजपा उम्मीदवार दाओचिर आई. इम्चेन, त्रिपुरा की धर्मनगर सीट पर भाजपा उम्मीदवार जहर चक्रवर्ती ने जीत दर्ज की है। वहीं कर्नाटक के बागलकोट सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार उमेश हुलप्पा ने जीत दर्ज की है, जबकि दावनगेरे दक्षिण सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार समर्थ शमनूर मल्लिकार्जुन ने जीत दर्ज की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story