चुनाव आयोग ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में की 865 करोड़ की जब्ती

WhatsApp Channel Join Now
चुनाव आयोग ने तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में की 865 करोड़ की जब्ती


नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। चुनाव आयोग की ओर से जारी सख्ती के चलते तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में होने जा रहे विधानसभा चुनावों से पहले अब तक कुल 865 करोड़ रुपये की नकदी एवं अवैध सामग्री की जब्ती की जा चुकी है।

दोनों राज्यों में 17 अप्रैल तक कुल मिलाकर 99 करोड़ रुपये नकद, 32 लाख लीटर 84 करोड़ रुपये की शराब, 174 करोड़ रुपये की ड्रग्स, 159 करोड़ रुपये की कीमती धातुएं और 350 करोड़ रुपये की अन्य वस्तुएं जब्त की गई हैं।

चुनाव आयोग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार मतदान को हिंसा, भय और लालच से मुक्त रखने के लिए कई उपाय किए गये हैं । इसके लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है और शिकायतों को त्वरित निपटान किया जा रहा है।

आयोग की ओर से 5011 फ्लाइंग स्क्वायड टीम तैनात की गई है। इसमें पश्चिम बंगाल में 2,728 और तमिलनाडु में 2,283 शामिल हैं। इसके अलावा दोनों राज्यों में 5,363 निरीक्षण टीम तैनात की गई है।

आयोग के अनुसार 26 फरवरी को चुनाव जब्ती प्रबंधन प्रणाली के सक्रिय होने के बाद 17 अप्रैल तक पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में बड़ी मात्रा में नकदी, शराब, ड्रग्स, कीमती धातु तथा अन्य वस्तुओं की जब्ती की गई।

पश्चिम बंगाल में 21 करोड़ रुपये नकद, 31 लाख लीटर शराब (81 करोड़ रुपये मूल्य), 100 करोड़ रुपये की ड्रग्स, 54 करोड़ रुपये की कीमती धातुएं तथा 172 करोड़ रुपये की अन्य वस्तुएं जब्त की गईं। कुल जब्ती 427 करोड़ रुपये रही।

वहीं तमिलनाडु में 78 करोड़ रुपये नकद, 97 हजार लीटर शराब (3 करोड़ रुपये मूल्य), 74 करोड़ रुपये की ड्रग्स, 105 करोड़ रुपये की कीमती धातुएं तथा 178 करोड़ रुपये की अन्य वस्तुएं जब्त की गईं। कुल जब्ती 438 करोड़ रुपये रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story