चुनाव 26 : सिलीगुड़ी में अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने किया मतदान प्रक्रिया का निरीक्षण
कोलकाता, 23 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के तहत 16 जिलों की 152 सीटों पर गुरुवार को मतदान जारी है। इसी बीच निर्वाचन प्रक्रिया का अवलोकन करने पहुंचे अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने दार्जिलिंग जिले के कई मतदान केंद्रों का दौरा किया और चल रही मतदान व्यवस्था का निरीक्षण किया।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के साथ पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने सिलीगुड़ी और माटीगाड़ा क्षेत्र के कुछ मतदान केंद्रों का दौरा किया। आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार प्रतिनिधियों ने मतदान केंद्रों पर सुव्यवस्थित प्रबंधन और उत्सव जैसे माहौल की सराहना की।
प्रतिनिधिमंडल ने मतदान केंद्रों पर वेब प्रसारण व्यवस्था, दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर, पेयजल, छाया, बैठने की सुविधा तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष इंतजामों की भी प्रशंसा की। आयोग ने बताया कि इन व्यवस्थाओं को न्यूनतम अनिवार्य सुविधाओं के रूप में सुनिश्चित किया गया है।
निर्वाचन आयोग के अंतरराष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम 2026 के तहत 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पश्चिम बंगाल पहुंचा है। इसमें नामीबिया, जॉर्जिया, नेपाल, फिलीपींस, स्विट्जरलैंड, केन्या तथा अंतरराष्ट्रीय लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हैं। आयोग के मुताबिक इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारत की श्रेष्ठ चुनावी व्यवस्थाओं का प्रदर्शन करना और विश्व के चुनाव प्रबंधन संस्थानों के साथ सहयोग बढ़ाना है।
उधर, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी अपने गृह क्षेत्र नंदीग्राम में विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर रहे हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पिछली बार की तुलना में इस बार मतदान प्रक्रिया अब तक शांतिपूर्ण रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व के चुनावों में मतदान से पहले ही मतदाताओं को डराने-धमकाने की घटनाएं होती थीं, लेकिन इस बार व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के कारण ऐसी गतिविधियों पर रोक लगी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूरे दिन मतदान शांतिपूर्वक संपन्न होगा।
शुभेंदु अधिकारी इस बार नंदीग्राम के साथ भवानीपुर सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उनका मुकाबला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से है। भवानीपुर सीट पर दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होना है, जबकि नंदीग्राम में आज वोटिंग हो रही है।
इस बीच भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के कई प्रमुख नेताओं ने सुबह मतदान किया और बाद में विभिन्न क्षेत्रों का दौरा शुरू किया। अब तक अधिकांश स्थानों पर मतदान शांतिपूर्ण बताया गया है, जबकि सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं। शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में और अग्निमित्रा पॉल ने आसनसोल में मतदान के बाद शांतिपूर्वक चुनाव की उम्मीद जताई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

