राष्ट्रीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व को सुदृढ़ करती है: संजय कुमार

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व को सुदृढ़ करती है: संजय कुमार


नई दिल्ली, 24 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता (एनएसबीसी) 2025–26 का भव्य फाइनल शनिवार को यहां राष्ट्रीय बाल भवन में गणतंत्र दिवस समारोह के अंतर्गत आयोजित किया गया। प्रतियोगिता का संयुक्त रूप से उद्घाटन शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार तथा रक्षा मंत्रालय के सचिव राजेश कुमार सिंह ने किया।

यह देशभर के स्कूली छात्रों के बीच अनुशासन, टीम वर्क और म्यूजिकल टैलेंट को बढ़ावा देने में एक अहम कदम है। राष्ट्रीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता में देशभर के 18 स्कूल बैंड एक साथ आए हैं, जो गणतंत्र दिवस समारोह के हिस्से के रूप में एक राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। राष्ट्रीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता देश के युवाओं में सांस्कृतिक गौरव, एकता और अनुशासन को सुदृढ़ करने का एक प्रभावी मंच बनकर उभर रही है।

इस वर्ष प्रतियोगिता के ग्रैंड फाइनल में 11 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों की 18 स्कूल बैंड टीमें भाग ले रही हैं। इन्हें राज्य और जोन-स्तरीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से फाइनल के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में 763 टीमों के 18,013 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि जोनल स्तर पर 94 टीमें चयनित हुईं।

इस अवसर पर संजय कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय स्कूल बैंड प्रतियोगिता जैसे सह-पाठ्यक्रम मंच छात्रों में अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और समग्र विकास को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों के अनुरूप है, जो कक्षा से बाहर छात्रों की विविध प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करती है।

उन्होंने कहा कि स्कूल बैंड की परंपरा सशस्त्र बलों से प्रेरित है, जहां संगीत ने हमेशा वीरता, एकता और मनोबल को सशक्त किया है। कठिन परिस्थितियों में भी सैन्य बैंड सैनिकों को प्रेरित करने और सामूहिक भावना को मजबूत करने का कार्य करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी स्वयं में छात्रों की कड़ी मेहनत और समर्पण का प्रमाण है।

राजेश कुमार सिंह ने शिक्षा मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के बीच सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय सेवा की भावना विकसित करती हैं।

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग संयुक्त सचिव डॉ. अमरप्रीत दुग्गल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी विद्यालयों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आयोजक टीम के प्रयासों की सराहना की।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story