ईडी की मप्र में बड़ी कार्रवाई, एनसीएल के पूर्व सीएमडी की 2.79 करोड़ की संपत्ति कुर्क
भोपाल, 25 मार्च (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मध्य प्रदेश में बड़ी कार्रवाई करते हुए नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के पूर्व चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक भोलासिंह और उनके परिवार से जुड़ी करीब 2.79 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति को अस्थायी रूप से कुर्क (अटैच) किया है। यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) 2002 के तहत की गई है।
ईडी ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति के जरिए यह जानकारी दी। ईडी के अनुसार भोलासिंह नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के पूर्व चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) रह चुके हैं। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर ईडी ने भोला सिंह के खिलाफ जांच शुरू की थी, जिसमें भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप लगाए गए थे।
ईडी की जांच में सामने आया कि 1 जनवरी 2022 से 31 जनवरी 2024 के बीच भोलासिंह के पास करीब 1.74 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति पाई गई थी, जो लगभग 124% अधिक बताई गई है। जांच के दौरान बैंक लॉकरों से करीब 1.94 करोड़ रुपये नकद और सोने के आभूषण बरामद हुए। इसके अलावा रांची के सैल सिटी में स्थित करीब 85.45 लाख रुपये मूल्य का एक आलीशान फ्लैट भी जांच के दायरे में आया, जिसे वैध आय के अनुपात में संदिग्ध पाया गया।
इन तथ्यों के आधार पर ईडी ने कुल 2.79 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की है, जिसमें नकदी, सोने के आभूषण और आवासीय फ्लैट शामिल हैं। ईडी ने इसे अपराध से अर्जित आय मानते हुए अटैच किया है और आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

