तेलंगाना, आंध्र प्रदेश में 15 ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, ऑनलाइन सट्टेबाजी और धोखाधड़ी वाले निवेश ऐप घोटाला मामला

WhatsApp Channel Join Now

हैदराबाद, 23 अक्टूबर (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ऑनलाइन सट्टेबाजी और फर्जी निवेश ऐप नेटवर्क से जुड़े मामले की जांच के तहत हैदराबाद और विजयवाड़ा समेत तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 15 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है।

बताया जा रहा है कि ये छापेमारी महाराष्ट्र के पुणे साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर के आधार पर धन शोधन निवारण अधिनियम ( पीएमएलए) के तहत की गई।

जानकारी के अनुसार, ईडी के अधिकारी उन अंतर-राज्यीय नेटवर्क की जांच कर रहे हैं , जिन पर लोगों को भारी रिटर्न का लालच देकर फंसाने और ऑनलाइन सट्टेबाजी तथा फर्जी निवेश ऐप के जरिए सैकड़ों करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है।

हाल ही में दिल्ली, मुंबई और गुरुग्राम में की गई छापेमारी के दौरान मिले सुरागों के आधार पर यह ताजा कार्रवाई की गई है। अधिकारी दोनों तेलुगु भाषी राज्यों में एजेंटों और कथित 'हवाला' ऑपरेटरों की भूमिका की जांच कर रहे हैं।

ईडी को संदेह है कि सट्टेबाजी के जरिए जुटाए गए पैसों को धन की आवाजाही छिपाने के लिए शैल कंपनियों और क्रिप्टोकरेंसी ट्रांजैक्शन के जरिए विदेशों में भेजा गया था।

अधिकारी संदिग्ध मुख्य आरोपियों के आवासों और कार्यालयों पर दस्तावेजों, वित्तीय लेनदेन के रिकॉर्ड और डिजिटल उपकरणों की भी जांच कर रहे हैं।

खबरों के मुताबिक, इस छापेमारी में भारी मात्रा में नकदी, बैंक खातों के विवरण और कथित हवाला नेटवर्क से जुड़े सबूत मिल सकते हैं। हालांकि, ईडी अधिकारियों की तरफ से अभी तक बरामदगी और इसमें शामिल लोगों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story