तेलंगाना की पूर्व विधायक के ठिकानों पर 40.96 करोड़ के गबन मामले में छापेमारी, 30 लाख नकद व दस्तावेज बरामद

WhatsApp Channel Join Now
तेलंगाना की पूर्व विधायक के ठिकानों पर 40.96 करोड़ के गबन मामले में छापेमारी, 30 लाख नकद व दस्तावेज बरामद


नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। तेलंगाना में 40.96 करोड़ रुपये के सरकारी धान के गबन से जुड़े धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने खानापुर की पूर्व विधायक अजमेरा रेखा नाइक से जुड़ी फर्म एआरएस इंडस्ट्रीज और आवासीय परिसरों पर छापेमारी की है। शुक्रवार को शुरू हुई इस कार्रवाई में अब तक 30 लाख रुपये की बेहिसाबी नकदी और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। निर्मल जिले में तलाशी अभियान जारी है।

ईडी के अनुसार, तेलंगाना पुलिस की ओर से 19 अगस्त को खानापुर थाने में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें अजमेरा रेखा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 316(2), 316(5) और 318(4) तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ईडी ने बताया कि प्राथमिकी के अनुसार रेखा नाइक एआरएस इंडस्ट्रीज की स्वामिनी हैं। उन पर जानबूझकर सरकारी धान के भंडार का गबन करने और सरकार को 40,96,96,834 रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है। ईडी ने इसी प्राथमिकी के आधार पर धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत मामला दर्ज किया है।

ईडी के मुताबिक, संबंधित फर्म ने समझौतों के तहत कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) की आपूर्ति नहीं की। इससे सरकार को 40.96 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और आरोपितों को अनुचित आर्थिक लाभ मिला। तेलंगाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत जिस अपराध को प्राथमिकी में शामिल किया है, वह पीएमएलए की अनुसूची के भाग-ए में सूचीबद्ध है। एजेंसी ने बताया कि मामले में आगे की जांच और तलाशी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780238 Articles

Share this story