हैदराबाद और गुंटूर में 7 ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, एपीपीएससी परीक्षा में अनियमितताओं का मामला

WhatsApp Channel Join Now

हैदराबाद, 04 नवंबर (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को एपीपीएससी ग्रुप-1 मुख्य परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं के सिलसिले में छापेमारी की। यह कार्रवाई तेलंगाना के हैदराबाद और सिकंदराबाद तथा आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले सहित कुल सात स्थानों पर की गई।

ईडी के हैदराबाद जोनल कार्यालय की देखरेख में यह अभियान बुधवार सुबह धन शोधन निवारण अधिनियम ( पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत शुरू हुआ। अधिकारियों ने बताया कि एपीपीएससी ग्रुप-1 मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मैन्युअल मूल्यांकन प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप हैं, जिसके दौरान कथित तौर पर एक निजी कंपनी को ₹1,14,32,312 का भुगतान किया गया था।

यह छापेमारी मुख्य रूप से तत्कालीन सचिव और पूर्व आईपीएस अधिकारी पी. सीताराम आंजनेयुलु के आवासों व कार्यालयों, 'कैमसिन मीडिया प्राइवेट लिमिटेड' (उत्तर पुस्तिकाओं के मैन्युअल मूल्यांकन का काम संभालने वाली फर्म) के परिसर, तथा कंपनी के प्रबंध निदेशक पी. मधुसूदन राव से जुड़े ठिकानों पर केंद्रित है।

इसके अलावा, गुंटूर जिले के चिनाकाकनी गांव स्थित 'आवासा रिसॉर्ट हाइलैंड' में भी तलाशी ली जा रही है, जहां उत्तर पुस्तिकाओं को रखा गया था और मूल्यांकन प्रक्रिया आयोजित की गई थी।

साथ ही, ईडी 'स्टोन मीडिया एडवाइजरी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड' के एक प्रभाग 'ट्रूग्रेडर सर्विसेज' (जिसने पहले APPSC के लिए डिजिटल मूल्यांकन का काम संभाला था), इसके प्रबंध निदेशक अकेला पेरी श्रीनिवास राव, और इस मूल्यांकन कार्य में शामिल रहे महाकाली रघुराम सहित अन्य संस्थाओं व व्यक्तियों के आवासों और कार्यालयों पर भी छापेमारी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story