छत्तीसगढ़ के रायपुर, भिलाई, धमतरी के कई जगह ईडी की दबिश

WhatsApp Channel Join Now
छत्तीसगढ़ के रायपुर, भिलाई, धमतरी के कई जगह ईडी की दबिश


रायपुर (छत्तीसगढ़), 27 नवंबर (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी ) ने आज तड़के राज्य के तीन प्रमुख शहरों में एक साथ छापेमारी शुरू की है। राजधानी रायपुर के अलावा भिलाई और धमतरी के कई ठिकानों पर ईडी की टीमें सुबह से ही जांच-पड़ताल में जुटी हुई हैं।

सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की। परिसरों से मिले महत्वपूर्ण वित्तीय दस्तावेजों, बैंक खातों और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस (डिजिटल रिकॉर्ड) को बारीकी से खंगाला जा रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह छापेमारी किसी पुराने घोटाले की जांच से जुड़ी है या किसी नए मामले के तहत की जा रही है। किन व्यक्तियों या कारोबारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया है, इस संबंध में भी एजेंसी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

महज दो दिन पहले (25 नवंबर) ईडी को सौरभ चंद्राकर से जुड़े होटल, क्लब और रेस्टोरेंट कारोबार में लगभग 200 करोड़ रुपये के निवेश के सुराग मिले थे। इसमें रायपुर के वीआईपी रोड स्थित सात बड़े प्रतिष्ठान और पंडरी का एक क्लब जांच के दायरे में हैं।

महादेव सट्टा मामले में ही 20 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित पाठक 28 नवंबर तक ईडी की रिमांड पर हैं। उनसे पूछताछ में सट्टेबाजी के पैसों के लेनदेन और मीडिया कंपनियों के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग के नए सुराग मिले हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783935 Articles

Share this story