(अपडेट) छत्तीसगढ़ में ईडी की बड़ी कार्रवाई, रायपुर-दुर्ग में कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) छत्तीसगढ़ में ईडी की बड़ी कार्रवाई, रायपुर-दुर्ग में कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी


(अपडेट) छत्तीसगढ़ में ईडी की बड़ी कार्रवाई, रायपुर-दुर्ग में कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी


रायपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने मंगलवार सुबह छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एवं दुर्ग सहित कई जगहों छापेमारी की। यह कार्रवाई रायपुर के पंडरी इलाके के रवि नगर स्थित सुशील विला में हुई। सुबह कारोबारी नितिन डागा के घर दो गाड़ियों में पहुंची टीम ने कई दस्तावेजों की जांच की है ।

यह छापेमारी की कार्रवाई देर शाम तक लगातार जारी है। कारोबारी नितिन डागा के निवास 'सुशील विला' पर ईडी के 5 से 6 अधिकारी केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में अभी भी फाइलों, बैंक लेन-देन और जमीन के रिकॉर्ड्स खंगालने में देर शाम तक जुटे हैं।

दुर्ग में ट्रांसपोर्टर और कंस्ट्रक्शन कारोबारी गुलशन बघेल के फ्लैट पर भी ईडी की टीम डटी हुई है, जहाँ डिजिटल इनपुट और पूर्व में दाखिल चार्जशीट से जुड़े वित्तीय तारों की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार ईडी की टीम मंगलवार की सुबह सीआरपीएफ के जवानों के साथ पंडरी के रवि नगर स्थित प्रसिद्ध ज्वेलरी और जमीन कारोबारी नितिन डागा का निवास स्थान'सुशील विला' में दबिश दी । इसके अलावा रायपुर के आरंग और अभनपुर क्षेत्रों में जमीनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है ।

इसके अलावा दुर्ग के गंजपारा इलाके में स्थित ऋषभ ग्रीन सिटी अपार्टमेंट के फ्लैट (E-701) में कारोबारी गुलशन बघेल के यहाँ छापा मारा गया। गुलशन बघेल 'बघेल्स कॉर्पोरेट प्राइवेट लिमिटेड' के फाउंडर हैं और उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का करीबी बताया जाता है।। टीम दो गाड़ियों में पहुंची, जिसमें 10 से ज्यादा अधिकारी शामिल थे। यह कार्रवाई भारतमाला प्रोजेक्ट से जुड़े मामले में होने की आशंका है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सूत्रों के अनुसार ईडी की टीमें अभी मुख्य रूप से दोनों कारोबारियों के निवास स्थलों से मिले जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़े डीड, बैंक खातों के ट्रांजैक्शन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों (जैसे लैपटॉप और मोबाइल फोन) के डेटा को खंगालने और उनका मिलान करने में जुटी हैं।

गुलशन बघेल, बघेल्स कॉर्पोरेट प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर हैं। कंपनी बिल्डिंग निर्माण, सड़क निर्माण, अर्थवर्क, मटेरियल हैंडलिंग और ट्रांसपोर्ट सेवाओं के साथ -साथ सरकारी और निजी क्षेत्र की निर्माण परियोजनाओं में काम करती है। ज्ञात हो कि करीब 6 साल पहले गुलशन बघेल को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भतीजा बताकर सरकारी नौकरी लगवाने का दावा करने और एक महिला से ठगी करने के आरोप में पुलिस ने पकड़ा था।

सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई भारतमाला परियोजना में अधिग्रहित जमीन के मुआवजे में हुई कथित धांधली की जांच से जुडी है। हालांकि ईडी के अधिकारियों ने इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक प्रेस नोट जारी नहीं किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767960 Articles

Share this story