ईडी की पत्रिका 'प्रवर्तन संदेश' को मिला राजभाषा कीर्ति पुरस्कार
मुंबई, 14 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिंदी गृह पत्रिका ‘प्रवर्तन संदेश’ को वर्ष 2025-26 के लिए प्रतिष्ठित ‘राजभाषा कीर्ति पुरस्कार’ ('क' क्षेत्र में द्वितीय पुरस्कार) से सम्मानित किया है।
मुंबई में आयोजित 'हिंदी दिवस-2026' और छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के दौरान केंद्रीय गृह राज्यमंत्री बी. संजय कुमार और नित्यानंद राय ने यह पुरस्कार प्रदान किया। यह कार्यक्रम केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
ईडी के अनुसार, प्रवर्तन संदेश एजेंसी की आंतरिक हिंदी पत्रिका है, जिसके जरिए निदेशालय के कार्यक्षेत्र से जुड़े जटिल विधिक, वित्तीय एवं अन्वेषण संबंधी तकनीकी विषयों के साथ-साथ राजभाषा हिंदी से संबंधित गतिविधियों को सरल, सहज और प्रभावी भाषा में प्रस्तुत किया जाता है। पत्रिका का मुख्य उद्देश्य निदेशालय के बहुआयामी कार्यों को हिंदी में आम जनमानस और अधिकारियों के समक्ष लाने के साथ-साथ सरकारी कामकाज में राजभाषा के प्रगामी प्रयोग को सशक्त बनाना है।
वर्ष 2025-26 के दौरान प्रकाशित पत्रिका के 9वें अंक का मुख्य विषय ‘आतंक वित्तपोषण के खिलाफ ईडी की मुहिम’ था। इसमें आतंक के वित्तपोषण के खिलाफ एजेंसी की कार्रवाइयों, वित्तीय अपराधों और देश की आर्थिक एवं राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील पहलुओं को विस्तार से प्रस्तुत किया गया था। अंक-10 का केंद्रीय विषय ‘लोकहित से देशहित तक: ईडी की पीड़ित-केंद्रित कार्रवाइयां और राहत’ रखा गया था। इसमें वित्तीय धोखाधड़ी के पीड़ितों को राहत दिलाने, अपराध की आय का पता लगाने, कुर्की करने और संपत्तियों की अंतिम वापसी सुनिश्चित करने की ईडी की न्यायकेंद्रित कार्यशैली को प्रमुखता से रेखांकित किया गया।
उल्लेखनीय है कि ईडी ने राजभाषा हिंदी को अपनी संस्थागत कार्य-संस्कृति का अभिन्न अंग बनाने के लिए लगातार अभिनव प्रयास किए हैं। इससे पहले वर्ष 2024 में भी निदेशालय ने गृह मंत्रालय द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) विषय पर आयोजित अखिल भारतीय हिंदी लघु फिल्म निर्माण प्रतियोगिता में तृतीय पुरस्कार हासिल किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

