कोहिनूर पावर से जुड़े 280 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में बंगाल के 8 ठिकानों पर ईडी की छापेमारी

WhatsApp Channel Join Now
कोहिनूर पावर से जुड़े 280 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में बंगाल के 8 ठिकानों पर ईडी की छापेमारी


नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कोलकाता जोन-1 ने 280 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में पश्चिम बंगाल के 8 ठिकानों पर तलाशी और जब्ती की कार्रवाई की है। यह मामला कोहिनूर पावर प्राइवेट लिमिटेड, बैंक और अन्य से जुड़ा है। ईडी की यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 की धारा 17 के तहत की जा रही है।

ईडी के अनुसार, मामले की जांच में राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) की कार्यवाही के कथित दुरुपयोग के जरिए अपराध से अर्जित धन (पीओसी) के इस्तेमाल की आशंका पर ध्यान केंद्रित किया गया है। एजेंसी इस पहलू की जांच कर रही है कि अपराध से अर्जित धन का इस्तेमाल एनसीएलटी की विभिन्न प्रक्रियाओं में किस तरह किया गया।

तलाशी अभियान के दायरे में आवासीय और आधिकारिक परिसर शामिल हैं। ये परिसर उन लोगों के हैं, जिनमें कंपनी के निदेशक, ऑडिटर और समाधान पेशेवर (रेजोल्यूशन प्रोफेशनल) शामिल हैं। ईडी को संदेह है कि ये लोग अपराध से अर्जित धन से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं और गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769268 Articles

Share this story