(लीड) फर्जी आईटीसी मामले में ईडी की छापेमारी में अबतक 3.6 करोड़ नकद बरामद

WhatsApp Channel Join Now
(लीड) फर्जी आईटीसी मामले में ईडी की छापेमारी में अबतक 3.6 करोड़ नकद बरामद


नई दिल्ली, 25 अगस्त (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर एवं गाजियाबाद और हरियाणा के फरीदाबाद स्थित 9 ठिकानों पर सोमवार से जारी छापेमारी में अब तक कुल 3.6 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

ईडी ने मंगलवार को बताया कि एजेंसी ने इस छापेमारी के बाद सभी परिसरों को सील कर दिया गया है। बरामद नकदी और जब्त किए गए डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। इससे पहले एजेंसी ने सोमवार शाम तक मुजफ्फरनगर के न्यू राणा हाउस और गाजियाबाद के सुधा स्टील से 1.1 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद की थी। साथ ही कई डिजिटल उपकरण, दस्तावेज और रजिस्टर भी जब्त किए गए थे। ईडी ने बताया कि अब तक की कार्रवाई में कुल 3.6 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि मामला जंबूद्वीप एक्सपोर्ट्स एंड इम्पोर्ट्स लिमिटेड से जुड़ा है, जिस पर फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) बनाने और पास करने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि कंपनी ने फर्जी चालान और ई-वे बिल के जरिए बिना माल की वास्तविक आवाजाही के आईटीसी का निर्माण और पासिंग किया। इसमें व्यापक सर्कुलर लेनदेन, तेजी से फंड्स की लेयरिंग और नकद निकासी शामिल रही।

जीएसटी अधिकारियों ने 9.63 करोड़ रुपये का फर्जी आईटीसी लेने और 10.28 करोड़ रुपये का आईटीसी पास करने की पुष्टि की है, जिससे सरकारी खजाने को नुकसान हुआ। ईडी की तलाशी का उद्देश्य अपराध से प्राप्त धन का पता लगाना, अन्य लाभार्थियों की पहचान करना और नेटवर्क से जुड़े सबूत जुटाना था।

ईडी ने कहा कि आगे की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लाभार्थियों तक पहुंचने के लिए दस्तावेजों का विश्लेषण किया जा रहा है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story