ग्रैंड वेनिस मॉल के मालिक सतिंदर सिंह भसीन गिरफ्तार, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की कार्रवाई
नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) ने ग्रेटर नोएडा स्थित ग्रैंड वेनिस मॉल के मालिक सतिंदर सिंह भसीन को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया है। ईडी की लखनऊ जोनल कार्यालय ने भसीन इन्फोटेक एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड (बीआईआईपीएल) से जुड़े धनशोधन मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद, विशेष पीएमएलए अदालत, गाजियाबाद ने उन्हें छह जून तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है।
ईडी के अनुसार सतिं दर सिंह भसीन लगातार समन से बच रहे थे और जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे। उच्चतम न्यायालय ने 15 मई के अपने आदेश में ईडी को उन्हें हिरासत में लेने का निर्देश दिया था।
ईडी ने उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा बीआईआईपीएल, ग्रैंड वेनिस समूह की कंपनियों, सतिंदर सिंह भसीन, क्विंसी भसीन और अन्य के खिलाफ दर्ज कई प्राथमिकी के आधार पर जांच शुरू की थी। इन मामलों में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।
जांच में आरोप है कि आरोपितों ने रियल एस्टेट परियोजनाओं में निवेशकों से व्यावसायिक इकाइयों की समय पर डिलीवरी का वादा कर करोड़ों रुपये जुटाए, लेकिन परियोजनाएं न तो पूरी की गईं और न ही इकाइयों का कब्जा सौंपा गया।
ईडी की जांच में यह भी सामने आया कि जनता से जुटाई गई धनराशि का उपयोग परियोजनाओं के निर्माण और विकास में करने के बजाय समूह की विभिन्न कंपनियों और संबद्ध संस्थाओं के जाल के माध्यम से दूसरी जगहों पर स्थानांतरित और खर्च किया गया।
इस मामले में ईडी पहले ही पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित सतिंदर सिंह भसीन के एक आवासीय मकान को अस्थायी रूप से कुर्क कर चुकी है। ईडी के अनुसार इस संपत्ति का वर्तमान मूल्य 44.06 करोड़ रुपये है। ईडी ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

