(अपडेट) पांच करोड़ रुपये के कथित रिश्वत मामले में अमरदीप ग्रेवाल से ईडी की पूछताछ, एक सप्ताह बाद फिर बुलाया

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) पांच करोड़ रुपये के कथित रिश्वत मामले में अमरदीप ग्रेवाल से ईडी की पूछताछ, एक सप्ताह बाद फिर बुलाया


नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी से जुड़े पांच करोड़ रुपये के कथित रिश्वत मामले में उनके करीबी रिश्तेदार अमरदीप सिंह ग्रेवाल को दिल्ली हवाई अड्डे पर रोककर पूछताछ की। इसके बाद उन्हें एक सप्ताह बाद फिर पेश होने को कहा गया है।

ईडी सूत्रों के अनुसार उनके खिलाफ जारी लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पूछताछ के दौरान उनका बयान दर्ज किया गया और उन्हें आगे की पूछताछ के लिए एक सप्ताह बाद दोबारा आने को कहा गया है।

ईडी सूत्रों के मुताबिक ग्रेवाल को पहले भी पूछताछ के लिए समन भेजा गया था, लेकिन वह निर्धारित तारीखों पर एजेंसी के समक्ष पेश नहीं हुए थे। इसके बाद उनके खिलाफ एलओसी जारी किया गया। शनिवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रोके जाने के बाद उनसे मामले से जुड़े सवाल पूछे गए।

यह मामला पांच करोड़ रुपये की कथित रिश्वत की मांग के आरोपों से जुड़ा है। जांच एजेंसी मामले से संबंधित वित्तीय लेनदेन और अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। आरोपों का संबंध एक आपराधिक मामले की जांच को प्रभावित करने के लिए कथित तौर पर रकम मांगे जाने से है।

अमरदीप सिंह ग्रेवाल पंजाबी फिल्म उद्योग से जुड़े हैं और ईस्ट सनशाइन प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड से भी उनका संबंध बताया जाता है। उन्हें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर का रिश्तेदार बताया गया है। हालांकि, पंजाब सरकार के एक प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री और ग्रेवाल के बीच संबंध होने से इनकार किया है। डॉ. गुरप्रीत कौर भी अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज कर चुकी हैं।

ईडी मामले से जुड़े वित्तीय लेनदेन और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। एजेंसी की ओर से जांच के संबंध में विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762807 Articles

Share this story