चुनाव बाद 5 राज्यों से हटाई गई आदर्श आचार संहिता, पश्चिम बंगाल की फलता सीट पर जारी रहेगी
नई दिल्ली, 07 मई (हि.स.)। चुनाव आयोग ने असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों तथा विभिन्न राज्यों की विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के बाद गुरुवार को आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) को तत्काल प्रभाव से हटाए जाने की घोषणा की है।
आयोग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, संबंधित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद आदर्श आचार संहिता समाप्त हो गई है। हालांकि पश्चिम बंगाल की 144-फलता विधानसभा सीट पर आयोग द्वारा पुनर्मतदान का आदेश दिए जाने के कारण वहां आचार संहिता प्रभावी रहेगी।
चुनाव आयोग ने यह आदेश कैबिनेट सचिव, संबंधित राज्यों के मुख्य सचिवों और मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को भेजा है। आदेश में कहा गया है कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ लागू होने वाली आचार संहिता चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहती है। आदेश में कहा गया, “अब, जबकि असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की विधानसभाओं के लिए 2026 के आम चुनावों और गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, नागालैंड तथा त्रिपुरा के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में हुए उपचुनावों के परिणाम संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा घोषित कर दिए गए हैं, इसलिए आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से समाप्त मानी जाएगी।”
हालांकि, चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि पश्चिम बंगाल के 144-फलता विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी, जहां आयोग ने नए सिरे से मतदान का आदेश दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

