विधानसभा चुनावों के इंडेक्स कार्ड्स, सांख्यिकीय रिपोर्ट्स रिकॉर्ड समय में प्रकाशित

WhatsApp Channel Join Now
विधानसभा चुनावों के इंडेक्स कार्ड्स, सांख्यिकीय रिपोर्ट्स रिकॉर्ड समय में प्रकाशित


नई दिल्ली, 08 मई (हि.स.)। चुनाव आयोग ने पांच राज्यों में खत्म हुए विधानसभा चुनाव और पांच राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए रिकॉर्ड समय में इंडेक्स कार्ड्स और सांख्यिकीय रिपोर्ट्स प्रकाशित कर दी है। इंडेक्स कार्ड्स में उम्मीदवारों, मतदाताओं, डाले गए मतों, गिने गए मतों, पार्टीवार और प्रत्याशीवार मतों का विस्तृत विवरण दिया गया है।

आयोग ने बताया कि सभी 830 विधानसभा क्षेत्रों के लिए यह डेटा उपलब्ध करा दिया गया है। पश्चिम बंगाल की 144-फलता विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान 21 मई को होगा। आयोग ने बताया कि चुनाव परिणाम घोषित होने के 72 घंटे के भीतर इंडेक्स कार्ड्स और सांख्यिकीय रिपोर्ट्स जारी करना आयोग की पारदर्शिता और दक्षता का नया उदाहरण है। पहले यह प्रक्रिया कई सप्ताह से महीनों तक चलती थी क्योंकि फील्ड अधिकारियों द्वारा डेटा मैन्युअल रूप से भरा जाता था। ईसीआईनेट प्लेटफॉर्म के आने से यह कार्य डिजिटल रूप से तेज हो गया है।

आयोग ने कहा कि इंडेक्स कार्ड्स को ईसीआईनेट ऐप और चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से देखा जा सकता है। आयोग ने साथ ही 14 सांख्यिकीय रिपोर्ट्स भी प्रकाशित की हैं। यह पहली बार है जब परिणाम घोषित होने के 72 घंटे के भीतर सांख्यिकीय रिपोर्ट्स जारी की गई हैं। इन रिपोर्ट्स में राज्यवार और विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं का विवरण, मतदान केंद्रों की संख्या, मतदाता उपस्थिति, लिंगवार मतदान भागीदारी, पार्टीवार मत प्रतिशत, निर्वाचन क्षेत्रवार सारांश और विस्तृत परिणाम शामिल हैं।

चुनाव आयोग ने कहा कि सांख्यिकीय रिपोर्ट्स का प्रकाशन एक स्वत: की गई पहल है, जिसका उद्देश्य चुनाव संबंधी डेटा को पारदर्शी और सुलभ बनाना है ताकि शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और आम जनता को इसका लाभ मिल सके। इसके अलावा प्राथमिक डेटा संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा रखे गए वैधानिक प्रपत्रों में होता है और वही अंतिम माना जाएगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story