दार्जिलिंग, सिलीगुड़ी सहित उत्तर बंगाल में भूकंप के झटके

WhatsApp Channel Join Now
दार्जिलिंग, सिलीगुड़ी सहित उत्तर बंगाल में भूकंप के झटके


कोलकाता , 12 नवंबर (हि.स.)। दार्जिलिंग, सिलीगुड़ी सहित उत्तर बंगाल के एक बड़े हिस्से में आज तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, यह भूकंप सुबह करीब 4:30 बजे आया, जिसका प्रभाव दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और जलपाईगुड़ी जिलों में स्पष्ट रूप से महसूस किया गया। इसके अलावा सिक्किम, बिहार, नेपाल और भूटान के कुछ हिस्सों में भी धरती हिली।

भूकंप का केंद्र पड़ोसी देश नेपाल रहा, जो सिक्किम के नेपाल सीमा से सटा हुआ क्षेत्र है। इसकी गहराई युकसोम (सिक्किम) से लगभग 40 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में बताई गई है। यही कारण है कि सिक्किम के एक बड़े इलाके के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के दो पहाड़ी जिलों, दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भी इसका असर दिखाई दिया। बांग्लादेश के भी कुछ इलाकों में हल्के झटके महसूस किए जाने की खबर है।

अचानक धरती हिलने से लोग दहशत में आ गए और जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आए। एक विस्तृत क्षेत्र में कंपन महसूस होने के बावजूद, नेपाल में आए इस भूकंप से अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान या संपत्ति के भारी नुकसान की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।

उत्तर बंगाल का यह क्षेत्र भूकंप के लिहाज से संवेदनशील है। इससे पहले इस साल जून महीने में भी भूटान में आए 5.8 तीव्रता के भूकंप के कारण उत्तर बंगाल की धरती कांप उठी थी। उस समय भूकंप का केंद्र भूटान की राजधानी थिम्पू से लगभग 22 किलोमीटर दूर था और इसका असर भारत, चीन, बांग्लादेश और नेपाल के कई सीमावर्ती इलाकों में महसूस किया गया था। उत्तर बंगाल के साथ-साथ असम और मेघालय में भी तब कंपन हुआ था।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775620 Articles

Share this story