विदेश मंत्री जयशंकर ने ओमान की यात्रा में अपने समकक्ष से वार्ता की

WhatsApp Channel Join Now
विदेश मंत्री जयशंकर ने ओमान की यात्रा में अपने समकक्ष से वार्ता की


नई दिल्ली, 10 जुलाई (हि.स.)। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने शुक्रवार को ओमान का आधिकारिक दौरा किया और अपने समकक्ष सैयद बदर अल-बुसैदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। दोनों मंत्रियों ने भारत-ओमान रणनीतिक साझेदारी के सभी पहलुओं की समीक्षा की और पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

विदेश मंत्रालय के अनुसार जयशंकर ने हाल के क्षेत्रीय घटनाक्रमों के दौरान भारतीय नाविकों को त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए ओमानी सरकार की प्रशंसा की। विदेश मंत्री ने ओमान में रहने वाले जीवंत भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ भी बातचीत की और बहुआयामी भारत-ओमान संबंधों को और मजबूत करने में उनके निरंतर योगदान की सराहना की।

उल्लेखनीय है कि विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर 5 से 10 जुलाई तक कतर, बहरीन, कुवैत और ओमान की आधिकारिक यात्रा पर रहे। इस यात्रा न चारों देशों के साथ भारत के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और साथ ही क्षेत्रीय घटनाक्रमों और पारस्परिक हित के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर प्रदान किया।

विदेश मंत्री अब 13 जुलाई को न्यूयॉर्क का दौरा करेंगे। यहां वे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के 2028-29 कार्यकाल के लिए भारत के आधिकारिक अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद वे 14-15 जुलाई को ब्रुसेल्स में आयोजित होने वाली तीसरी भारत-यूरोपीय संघ व्यापार और प्रौद्योगिकी परिषद की बैठक में भाग लेंगे और यूरोपीय संघ और बेल्जियम के अपने समकक्षों के साथ बातचीत करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story