नवरात्र में मां विंध्यवासिनी के दर्शन होंगे आसान, योगी सरकार ने विंध्याचल जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए तीन गुना बढ़ाई बसों की संख्या

ds
WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी परिक्षेत्र के आठ डिपो से 86 बसों का संचालन, 65 अतिरिक्त ‘पूजा स्पेशल’ बसें लगाई गईं

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेल्पडेस्क नंबर 8726005897 जारी

वाराणसी, 8 अक्टूबर। नवरात्रि के पावन पर्व पर मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए विंध्याचल धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए योगी सरकार ने उनके सुगम आवागमन के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था की है। वाराणसी परिक्षेत्र से विंध्याचल धाम जाने वाले यात्रियों के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने बस सेवाओं का विस्तार किया है। नवरात्रि के दौरान वाराणसी परिक्षेत्र के आठों डिपो से कुल 86 बसों का संचालन किया जाएगा, जिनमें 65 अतिरिक्त ‘पूजा स्पेशल’ बसें शामिल हैं।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 21 से बढ़कर 86 हुई बसें

सामान्य दिनों में वाराणसी परिक्षेत्र के इस रूट पर करीब 21 बसें संचालित होती हैं। नवरात्रि के दौरान 11/12 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक इनकी संख्या बढ़ाकर 86 कर दी गई है। अतिरिक्त बसों का संचालन यात्रियों की मांग और उपलब्धता के अनुसार किया जाएगा, ताकि वाराणसी और आसपास के जिलों से विंध्याचल धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय के अनुसार, नवरात्रि में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए बसों की संख्या बढ़ाई गई है। अतिरिक्त बसों के संचालन से वाराणसी और आसपास के जिलों से विंध्याचल धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधी और सुगम परिवहन सुविधा मिलेगी।

जौनपुर से सबसे अधिक 20 अतिरिक्त बसें

वाराणसी परिक्षेत्र के आठों डिपो से विंध्याचल धाम के लिए बसों का संचालन किया जाएगा। जौनपुर डिपो से सबसे अधिक 20 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। कैंट और काशी डिपो से 10-10, चंदौली से 8, गाजीपुर से 2, सोनभद्र से 10 और विंध्यनगर से 5 अतिरिक्त बसों का संचालन होगा। ग्रामीण डिपो से वर्तमान में संचालित 12 बसें भी रूट पर चलती रहेंगी।इस व्यवस्था से वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर, सोनभद्र और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं को विंध्याचल धाम तक पहुंचने के लिए बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी।

श्रद्धालुओं की सहायता के लिए हेल्पडेस्क नंबर जारी

श्रद्धालुओं की सहायता के लिए निगम की ओर से हेल्पडेस्क नंबर 8726005897 भी जारी किया गया है। यात्री इस नंबर के माध्यम से बस सेवा और संचालन से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

डिपोवार रूट व बसों का संचालन 

क्रमांक-डिपो- नाम मार्ग- वर्तमान बस सेवा-अतिरिक्त बस सेवा

1-कैंट----वाराणसी – विंध्याचल 0--10

2-काशी---वाराणसी – विंध्याचल 0--10

3-चंदौली---वाराणसी – विंध्याचल 2--8

4-ग्रामीण---वाराणसी – विंध्याचल 12--0

5-जौनपुर---जौनपुर – विंध्याचल 2--20

6-गाजीपुर---गाजीपुर – विंध्याचल 0--2

7-सोनभद्र---सोनभद्र – विंध्याचल 2--10

8--विंध्याचल--विंध्यनगर---विंध्याचल     – 3--5

Share this story