क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग 2027 में डीयू की बड़ी छलांग, भारत में तीसरे और दुनिया में 237वें स्थान पर

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय ने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स: सस्टेनेबिलिटी 2027 में अपनी स्थिति में सुधार करते हुए भारत में तीसरा स्थान हासिल किया है। वहीं, वैश्विक स्तर पर विश्वविद्यालय 237वें और एशिया में 30वें स्थान पर पहुंच गया है। पिछले वर्ष की रैंकिंग में डीयू वैश्विक स्तर पर 241वें, एशिया में 36वें और भारत में चौथे स्थान पर था।

दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने बुधवार को बताया कि विश्वविद्यालय का कुल स्कोर भी पिछले वर्ष के 80.9 से बढ़कर इस बार 84.2 हो गया है। नवीनतम रैंकिंग में दुनिया भर के 2,004 विश्वविद्यालयों को शामिल किया गया है, जिनमें एशिया के 850 और भारत के 100 संस्थान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली विश्वविद्यालय ने चार प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों- पर्यावरण शिक्षा, ज्ञान का आदान-प्रदान, शिक्षा का प्रभाव और सुशासन में भारत में पहला स्थान हासिल किया है।

इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों, पूर्व छात्रों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में विश्वविद्यालय की निरंतर प्रगति शैक्षणिक उत्कृष्टता, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और समाज पर सार्थक प्रभाव डालने के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है। भारत में तीसरा स्थान और चार प्रमुख संकेतकों में पहला स्थान हासिल करना विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी, सामाजिक रूप से जिम्मेदार और टिकाऊ संस्थान बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।

प्रो. सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय स्थिरता केंद्रित शिक्षा और अनुसंधान को मजबूत करने, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग का विस्तार करने, परिसर में पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों को बढ़ावा देने और संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों में अपना योगदान बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करेगा।

रैंकिंग के अनुसार दिल्ली विश्वविद्यालय ने पर्यावरण प्रभाव और सामाजिक प्रभाव की श्रेणियों में भी अपने प्रदर्शन में सुधार किया है, जबकि सुशासन के क्षेत्र में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन बरकरार रखा है।

पर्यावरण प्रभाव श्रेणी में विश्वविद्यालय का स्कोर 80.6 से बढ़कर 84.3 हो गया है। पर्यावरण शिक्षा के क्षेत्र में डीयू ने वैश्विक रैंकिंग में 53वें से 51वें स्थान पर पहुंचकर 95.7 के स्कोर के साथ भारत में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, पर्यावरण अनुसंधान में विश्वविद्यालय की वैश्विक रैंकिंग 616वें से सुधरकर 590वें स्थान पर पहुंच गई है। पर्यावरण स्थिरता का स्कोर भी 64.4 से बढ़कर 71.9 हो गया है।

सामाजिक प्रभाव की श्रेणी में विश्वविद्यालय ने वैश्विक स्तर पर 435वें से 404वें स्थान पर पहुंचकर उल्लेखनीय सुधार किया है। इस श्रेणी में उसका स्कोर 77.4 से बढ़कर 82.1 हो गया है। ज्ञान के आदान-प्रदान के क्षेत्र में डीयू की वैश्विक रैंकिंग 94वें से सुधरकर 66वें स्थान पर पहुंच गई है। इस श्रेणी में 98.1 के स्कोर के साथ विश्वविद्यालय ने भारत में पहला स्थान बरकरार रखा है।

इसी तरह, शिक्षा के प्रभाव के क्षेत्र में विश्वविद्यालय वैश्विक स्तर पर 786वें से 674वें स्थान पर पहुंच गया है और इस श्रेणी में भी देश में अपनी अग्रणी स्थिति बनाए रखी है। स्वास्थ्य एवं कल्याण के क्षेत्र में डीयू ने 223 स्थानों का सुधार करते हुए वैश्विक रैंकिंग में 1,193वें से 970वां स्थान हासिल किया है। इस श्रेणी में विश्वविद्यालय का स्कोर 64.1 से बढ़कर 70.5 हो गया है।

सुशासन के क्षेत्र में दिल्ली विश्वविद्यालय ने 90.9 का स्कोर हासिल करते हुए भारत में पहला स्थान बरकरार रखा है। इस श्रेणी में संस्थागत पारदर्शिता, नैतिक शासन, जवाबदेही और हितधारकों की भागीदारी जैसे मानकों के आधार पर विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन किया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779350 Articles

Share this story