अभाविप ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, डीयू में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
अभाविप ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन, डीयू में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग


नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने मंगलवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने विद्यार्थियों के लिए नए छात्रावासों के निर्माण, पीजी एवं भवनों का निर्धारित मानकों के अनुरूप सेफ्टी ऑडिट, महिला सुरक्षा के लिए डार्क स्पॉट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पिंक बूथ एवं गश्ती वाहनों की नियमित निगरानी सहित सत्य निकेतन घटना के प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

अभाविप दिल्ली प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा जैसे गंभीर विषयों पर केवल घटनाओं के बाद प्रश्न उठाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है।

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष यश डबास ने कहा कि नए छात्रावासों के निर्माण के साथ पीजी एवं अन्य भवनों का निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नियमित सेफ्टी ऑडिट सुनिश्चित किया जाना चाहिए। सत्य निकेतन जैसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी संबंधित संस्थाओं को आपसी समन्वय से ठोस कदम उठाने होंगे। अभाविप ने सरकार से छात्रावास निर्माण एवं भवनों की सुरक्षा से जुड़े इन विषयों पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ सचिव रिया छावड़ी ने कहा कि महिला सुरक्षा के विषय पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। विश्वविद्यालय परिसर एवं उसके आसपास के डार्क स्पॉट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पिंक बूथ तथा गश्ती व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है। छात्राओं के लिए सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी एवं स्थायी व्यवस्थाएं विकसित करनी होंगी। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़ी इन व्यवस्थाओं को मजबूत करने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story