डीयू का दीक्षांत समारोह 20 नवंबर को, अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि

WhatsApp Channel Join Now
डीयू का दीक्षांत समारोह 20 नवंबर को, अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि


नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) का 103वां दीक्षांत समारोह 20 नवंबर को आयोजित किया जाएगा। समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे, जबकि डीयू के कुलपति प्रो. योगेश सिंह अध्यक्षता करेंगे।

दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर कुलपति ने गुरुवार को संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में डीयू के कुलसचिव डॉ. विकास गुप्ता, परीक्षा नियंत्रक प्रो. गुरप्रीत सिंह टुटेजा, कल्चरल काउंसिल के अध्यक्ष एवं जनसंपर्क अधिकारी अनूप लाठर, डीन अकादमिक प्रो. के. रत्नाबली सहित विभिन्न समितियों के समन्वयक और अधिकारी उपस्थित रहे।

कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय के इतिहास में यह पहली बार होगा, जब विद्यार्थियों को उनकी डिग्री पूर्ण करने वाले वर्ष में ही डिग्री प्रदान की जाएगी। कई विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने अथवा नौकरी प्राप्त करने के लिए डिग्री की आवश्यकता होती है। ऐसे में उन्हें समय पर डिग्री उपलब्ध कराने और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

प्रो. योगेश सिंह के अनुसार इस वर्ष दीक्षांत समारोह में 85,231 स्नातक और 7,235 परास्नातक विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इसके अतिरिक्त 400 से अधिक पीएचडी शोधार्थियों को भी उपाधियां दी जाएंगी।

समारोह के दौरान 163 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक, एक विद्यार्थी को रजत पदक और 34 विद्यार्थियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764850 Articles

Share this story