मुंबई में बड़े ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़, 13.65 करोड़ रुपये का माल जब्त

WhatsApp Channel Join Now

मुंबई, 12 मई (हि.स. । मुंबई पुलिस ने एक बड़े ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए भारी मात्रा में कच्चा माल, रसायन और तैयार मेफेड्रोन (एमडी) जब्त किया है। पुलिस के अनुसार लगभग 4 लाख रुपये के रसायनों से करीब 100 करोड़ रुपये मूल्य का एमडी तैयार किया जा सकता था।

मीरा-भायंदर-वसई-विरार (एमबीवीवी) अपराध शाखा ने मालवणी के समान नगर, आज़मी नगर और गोराई क्षेत्रों में छापेमारी कर यह बड़ी कार्रवाई की गई।

इस कार्रवाई में कुल 13.65 करोड़ रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया, जिसमें 13.61 करोड़ रुपये मूल्य का 6.773 किलोग्राम तैयार एमडी शामिल है। इस मामले में अब तक दो महिलाओं समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों के खिलाफ नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जांच की शुरुआत 4 अप्रैल को मीरा रोड क्षेत्र से हुई थी।

पुलिस ने फिरदौस अरबाज कुरेशी नामक महिला से 2.66 करोड़ रुपये की एमडी जब्त की थी। इसके बाद फिरदौस और उसके पति अरबाज वकील कुरेशी से पूछताछ की गई, जिसमें इस बड़े ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा हुआ। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 255 लीटर रासायनिक पदार्थ, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, एसीटोन, क्लोरोफॉर्म और प्रयोगशाला उपकरण जैसे हीटिंग मेंटल और फ्लास्क भी बरामद किए। इस कार्रवाई से मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में सिंथेटिक ड्रग्स सप्लाई करने वाले गिरोह के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी

Share this story