कोलकाता बंदरगाह पर 13.50 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की ई-सिगरेट जब्त

WhatsApp Channel Join Now
कोलकाता बंदरगाह पर 13.50 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की ई-सिगरेट जब्त


नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने कोलकाता के श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह पर दो अलग-अलग कार्रवाईयों में 13.50 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की ई-सिगरेट जब्त की हैं। ये ई-सिगरेट नेपाल भेजे जाने वाले दो कंटेनरों में छिपाई गई थीं। अधिकारियों ने 24 अक्टूबर को खुफिया सूचना के आधार पर दोनों कंटेनरों को रोका था।

वित्त मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि एक कंटेनर में सामान को ‘वाटर ग्लास’ और दूसरे में ‘सिरेमिक मग’ के रूप में घोषित किया गया था। जांच के दौरान पहले कंटेनर से आईजीईटी ब्रांड की अलग-अलग फ्लेवर वाली 40 हजार ई-सिगरेट बरामद हुईं। दूसरे कंटेनर से वीटीवी, वॉको, बैंग और ईजॉय सहित विभिन्न ब्रांडों की करीब 15 हजार ई-सिगरेट मिलीं। डीआरआई ने सीमा शुल्क अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत ई-सिगरेट के साथ उन्हें छिपाने के लिए इस्तेमाल किए गए सामान को भी जब्त कर लिया।

भारत में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट और सभी इलेक्ट्रॉनिक निकोटीन डिलीवरी सिस्टम (ईएनडीएस) पर प्रतिबंध है। यह प्रतिबंध सार्वजनिक स्वास्थ्य की रक्षा और लोगों को इनके नुकसान से बचाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 के तहत लगाया गया है।

वित्त वर्ष 2026-27 में डीआरआई अब तक महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली और पश्चिम बंगाल के विभिन्न बंदरगाहों, हवाई अड्डों और अंतर्देशीय कंटेनर डिपो में करीब तीन लाख ई-सिगरेट जब्त कर चुका है। इनकी कीमत 120 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768041 Articles

Share this story