तमिलनाडु में 137 किग्रा क्रिस्टल मेथामफेटामाइन जब्त, 4 गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
तमिलनाडु में 137 किग्रा क्रिस्टल मेथामफेटामाइन जब्त, 4 गिरफ्तार


नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने तमिलनाडु के नागपट्टिनम जिले के तटीय गांव से 137 किलोग्राम क्रिस्टल मेथामफेटामाइन जब्त कर मादक पदार्थों की तस्करी के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। जब्त खेप का अवैध बाजार में अनुमानित मूल्य 100 करोड़ रुपये से अधिक है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

वित्त मंत्रालय के अनुसार, डीआरआई ने विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर 16 और 17 अक्टूबर को निगरानी और तलाशी अभियान चलाया। जांच में आशंका सामने आई कि मादक पदार्थों की इस खेप को समुद्र के बीच हस्तांतरण के जरिए श्रीलंका पहुंचाया जाना था।

तलाशी के दौरान छह बड़े बैग मिले, जिनमें सिल्वर फॉयल में लिपटे 27 पैकेट रखे थे। प्रत्येक पैकेट का वजन करीब पांच किलोग्राम था। इनमें सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ मिला, जिसके उच्च शुद्धता वाले मेथामफेटामाइन होने का संदेह है। अधिकारियों ने इसे स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 के तहत जब्त किया।

डीआरआई ने संदिग्ध आयोजक के परिसर से बिक्री की रकम होने के संदेह में 10 लाख रुपये नकद भी बरामद किए। मादक पदार्थों के परिवहन में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए दो चारपहिया और एक दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए।

जांच के अनुसार, नेटवर्क में खेप के भंडारण, परिवहन और समुद्री मार्ग से तस्करी की व्यवस्था करने वाले लोग शामिल थे। डीआरआई ने इस कार्रवाई को तमिलनाडु के तटीय क्षेत्र में हाल के वर्षों की बड़ी मादक पदार्थ बरामदगियों में से एक बताया है। एजेंसी के मुताबिक, कार्रवाई का उद्देश्य संगठित तस्करी नेटवर्क को तोड़ना और भारतीय तटों का इस्तेमाल मादक पदार्थों की तस्करी के लिए होने से रोकना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763160 Articles

Share this story