मक्के की आड़ में 56 किलो मादक पदार्थ की तस्करी नाकाम, दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह (न्हावा शेवा बंदरगाह) पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सऊदी अरब भेजे जा रहे करीब 56 किलो मेथाम्फेटामाइन की तस्करी का प्रयास नाकाम किया है। तस्करों ने मादक पदार्थ को मक्का के साथ मिलाकर 351 बोरियों वाली कृषि उत्पाद की खेप में छिपाया था। डीआरआई ने मादक पदार्थ जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

डीआरआई के मुताबिक, मादक पदार्थ को मक्का में इस तरह मिलाया गया था कि वह सामान्य कृषि उत्पाद की खेप का हिस्सा दिखाई दे। यह तरीका नियमित जांच से बचने के लिए अपनाया गया था। मेथाम्फेटामाइन अत्यधिक प्रभावशाली कृत्रिम मनोउत्तेजक पदार्थ है। इसके सेवन से हृदय गति और रक्तचाप बढ़ने, बेचैनी, भ्रम, मानसिक विक्षोभ जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।

डीआरआई के अनुसार, विगत 16-17 अगस्त को खुफिया सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान खेप की एक बोरी में मक्का के साथ बारीकी से मिलाया गया पाउडर बरामद हुआ। जांच में इसकी पहचान मेथाम्फेटामाइन के रूप में हुई।

जांच में निर्यातक और परिवहनकर्ता-सह-फ्रेट फॉरवर्डर की पहचान हुई। पता चला कि फ्रेट फॉरवर्डर विदेशी खरीदार के साथ खेप के परिवहन और सीमा शुल्क निकासी का समन्वय कर रहा था। दोनों की कथित भूमिका के आधार पर उन्हें एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story