डीआरआई ने उत्तर प्रदेश के जालौन में मादक पदार्थ की बड़ी अवैध प्रयोगशाला का किया भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
डीआरआई ने उत्तर प्रदेश के जालौन में मादक पदार्थ की बड़ी अवैध प्रयोगशाला का किया भंडाफोड़, दो गिरफ्तार


नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के एक गांव में चल रही मादक पदार्थ बनाने की बड़ी अवैध प्रयोगशाला का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में लगभग 1100 किलोग्राम मादक पदार्थ और उन्हें तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले रसायन तथा उपकरण जब्त किए गए हैं। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी बयान में बताया कि डीआरआई ने देश में अवैध सिंथेटिक ड्रग्स बनाने के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपी के जालौन जिले के एक दूरदराज के गांव में मादक पदार्थ बनाने वाली बड़ी गुप्त प्रयोगशाला का भंडाफोड़ किया है। डीआरआई की इस कार्रवाई में लगभग 1,100 किलोग्राम मादक पदार्थ और उन्हें बनाने में इस्तेमाल होने रसायनों (प्रिकर्सर केमिकल्स) के साथ-साथ भारी मात्रा में निर्माण उपकरण जब्त किए गए हैं। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

मंत्रालय के मुताबिक डीआरआई अधिकारियों की एक बड़ी टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर उत्तर प्रदेश एटीएस की मदद से 29 अक्टूबर को

तड़के एक संदिग्ध जगह पर संयुक्त अभियान चलाया। तलाशी अभियान के दौरान वहां सिंथेटिक ड्रग्स बनाने की एक पूरी तरह से तैयार और चालू प्रयोगशाला मिली। इस दौरान लगभग 184 किलोग्राम अर्ध-निर्मित ड्रग्स, करीब 582 किलोग्राम कच्चे रसायन और मादक पदार्थ बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए गए।

डीआरआई की इस कार्रवाई में आरोपितों के घरों की तलाशी लेने पर लगभग 15.4 किलोग्राम तैयार 'मेथाक्वालोन' बरामद हुआ। इसके साथ ही लगभग 153 किलोग्राम रसायन और निर्माण प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली एक मशीन भी मिली। एक अन्य आरोपित के ठिकाने की तलाशी लेने पर करीब 168 किलोग्राम कच्चे रसायन की एक और बड़ी खेप जब्त की गई। इस गुप्त निर्माण इकाई से जुड़े दो लोगों को एनडीपीएस एक्ट, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।

उल्लेखनीय है कि डीआरआई नशीले पदार्थों और मनोतेजक पदार्थों की तस्करी से निपटने के लिए गुप्त ड्रग निर्माण नेटवर्क को तोड़ने और अवैध मादक पदार्थ उत्पादन को बनाए रखने वाली सप्लाई चेन को बाधित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769537 Articles

Share this story