असम में ट्रक से 20 किलो मेथामफेटामाइन की गोलियां जब्त, एक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
असम में ट्रक से 20 किलो मेथामफेटामाइन की गोलियां जब्त, एक गिरफ्तार


असम में ट्रक से 20 किलो मेथामफेटामाइन की गोलियां जब्त, एक गिरफ्तार


नई दिल्ली, 14 नवंबर (हि.स.)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने असम के कछार जिले में एक टिपर ट्रक से 20 किलोग्राम मेथामफेटामाइन की गोलियां जब्त की हैं। नशीले पदार्थों को ट्रक के दाहिने हिस्से के पैनल में विशेष रूप से बनाई गई गुप्त जगह में छिपाया गया था। इस मामले में ट्रक में सवार एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

वित्त मंत्रालय के अनुसार डीआरआई ने असम राइफल्स की 38वीं बटालियन के जवानों के साथ संयुक्त अभियान में 12 नवंबर को बोरखोला के पास खुफिया सूचना के आधार पर टाटा टिपर ट्रक को रोका। ट्रक की जांच के दौरान एक मेकैनिक की मदद से उसके दाहिने साइड पैनल के ऊपरी भीतरी हिस्से में बनाई गई गुप्त जगह का पता चला। कटिंग और वेल्डिंग के निशान को सीमेंट और पेंट से छिपाया गया था।

गुप्त जगह खोलने पर गुलाबी-नारंगी रंग की गोलियों के 32 पैकेट मिले। इनमें 17 पैकेट एक-एक किलोग्राम और 15 पैकेट 200-200 ग्राम के थे। एनडीपीएस फील्ड डिटेक्शन किट से किए गए शुरुआती परीक्षण में नमूनों में एम्फेटामाइन की मौजूदगी के संकेत मिले। कुल 20 किलोग्राम गोलियों और ट्रक को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस), 1985 के संबंधित प्रावधानों के तहत जब्त किया गया। ट्रक में सवार व्यक्ति को भी इसी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है।

डीआरआई के अनुसार इस कार्रवाई में तस्करी के लिए अपनाए गए छिपाने के नए तरीके का पता चला है। ट्रक के साइड पैनल में गुप्त जगह बनाकर उसके मुहाने को सीमेंट और पेंट से ढका गया था, ताकि सामान्य जांच के दौरान इसका पता न चल सके।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777218 Articles

Share this story